बाराबंकी में प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

आसमान तक उठा धुआं, 12 दमकल गाड़ियां जुटीं 

बाराबंकी, अमृत विचार : कुर्सी थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में बुधवार दोपहर भीषण अग्निकांड की घटना से हड़कंप मच गया। एक प्लास्टिक फैक्ट्री में दोपहर वेल्डिंग कार्य के दौरान अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री में प्लास्टिक, केमिकल और डीजल का भारी स्टॉक होने के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

उमरा इंडस्ट्रियल एरिया में जैन प्लास्टिक फैक्ट्री बनी हुई है। जहां प्लास्टिक के उत्पाद बनाए जाते हैं। दोपहर करीब 12 बजे के बाद यहां अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लपटें आसमान तक उठने लगीं और चारों ओर काला धुआं फैल गया। धुएं का गुबार इतना घना था कि दिन में ही अंधकार जैसा माहौल बन गया। आग लगने के कुछ समय बाद फैक्ट्री की तीन मंजिला टीन शेड इमारत भरभरा कर गिर गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं।

हालांकि शाम तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। इस दौरान एक दमकल कर्मी के गंभीर रूप से घायल होने की भी सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय हो गया। कुर्सी थाना प्रभारी अनिल सिंह, उमरा चौकी इंचार्ज अमित कुमार, तहसीलदार वैशाली अहलावत, नायब तहसीलदार अभिनव सिंह और लेखपाल संघ मंत्री अरविंद वर्मा सहित कई राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंच चुके हैं और राहत-बचाव कार्यों का नेतृत्व कर रहे हैं। फिलहाल इस भीषण अग्निकांड में किसी तरह की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन फैक्ट्री में रखे लाखों रुपये मूल्य के कच्चे और तैयार माल के जलने की संभावना जताई जा रही है। अधिकारी नुकसान के आकलन में जुटे हुए हैं।

यह भी पढ़ें:- नाग पंचमी 2025 : शिवजी को चढ़ाएं नाग नागिन का जोड़ा, कालसर्प दोष के निवारण के लिए यह है विशेष पूजा

संबंधित समाचार