Bareilly: फिर भड़के शहाबुद्दीन...मस्जिद गईं डिंपल यादव के पहनावे को बताया इस्लाम के खिलाफ
बरेली, अमृत विचार। संसद की मस्जिद में सपा सांसद मोहिबुल्ला नदवी पर मस्जिद के अंदर पार्टी मीटिंग करने का आरोप लगाते हुए एक दिन पहले मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने निशाना साधा था। उन्होंने नदवी समेत सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव, सपा सांसद धर्मेंद्र यादव को आड़े हाथ लिया था। अब उन्होंने मैनपुरी सांसद डिंपल यादव पर मस्जिद की तौहीन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मस्जिद में गईं डिंपल यादव का पहनावा ठीक नहीं था।
शहाबुद्दीन ने गुरुवार को जारी किए अपने बयान में कहा कि मौलाना मोहिबुल्ला नदवी ने जिस तरह अपनी पार्टी की मीटिंग मस्जिद में कराई वो शर्मनाक है। लिहाजा वह पूरी कौम से माफी मांगें। हैरानी की बात ये कि मस्जिद में डिंपल यादव भी मौजूद थीं। डिंपल यादव ने इस बात का ख्याल भी नहीं किया कि वह कहां बैठी हैं। उन्होंने अपना सर तक नहीं ढका था। इसके अलावा उनका पहनावा इस्लाम ही नहीं बल्कि भारतीय कल्चर के खिलाफ था।
डिंपल यादव ने मस्जिद की तौहीन की है। उन्हें मुसलमानों से माफी मांगनी चाहिए।मौलाना ने कहा कि डिंपल यादव का जो तौर तरीका था मस्जिद में बैठने का वो ठीक नहीं था। इस पर मुसलमान डिंपल यादव से बेहद नाराज है। उन्होंने अपने पहनावे के लिए मस्जिद की तौहीन की है।
