मुरादाबाद: मेहंदी लगवाकर लौट रही टीचर को बदमाशों ने बनाया निशाना, लूट ली चेन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। हरियाली तीज के लिए मेहंदी लगवाकर घर लौट रही शिक्षिका से बाइक सवार दो बदमाशों ने गले की चेन लूट ली। बाइक सवार वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित शिक्षिका की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश करना शुरू कर दी है। थाना सिविल लाइंस क्षेत्र की रामगंगा विहार चौकी क्षेत्र के मधुबन ग्रीन सोसाइटी निवासी निशा यादव पत्नी संजय यादव चंद्रनगर में सन फ्लॉवर किड्स प्ले नाम से प्ले स्कूल चलाती हैं। 

निशा यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बीते शनिवार की रात लगभग 10 बजे वह साईं मंदिर रोड से हरियाली तीज के लिए मेहंदी लगवाकर पैदल ही घर लौट रहीं थी। लगभग 10:10 बजे मधुबन ग्रीन के सामने वाले रास्ते पर पहुंची तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से एक तोले की सोने की चेन लूट ली। इससे पहले ही वह कुछ समझ पाती और मदद की शोर मचाती, लेकिन उससे पहले आरोपी फर्राटा भरते हुए मौके से फरार हो गए। उन्होंने तत्काल पति को जानकारी दी और कॉल करके पुलिस को सूचना दी। 

थोड़ी ही देर में थाना सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना, चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार गुप्ता टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। इस संबंध में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। दो युवक कैमरे में कैद मिले हैं। उनकी पहचान कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।

 

संबंधित समाचार