हाईवे किनारे मिली महिला कांस्टेबल की लाश, नेम प्लेट पर लिखा था 'नाम'...हत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी: अमृत विचार। बाराबंकी में बांदा-बहराइच हाईवे किनारे मंगलवार सुबह एक महिला पुलिसकर्मी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव वर्दी में था, लेकिन अर्द्धनग्न स्थिति और पहचान छुपाने की कोशिशों के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक शव 2017 बैच की महिला सिपाही की पहचान हो गई है। घटना बांदा बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग अंतर्गत मसौली थाना क्षेत्र के बिंदौरा गांव के पास की है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची मसौली पुलिस ने शव बरामद किया। वर्दी पर लगी नेम प्लेट से नाम की जानकारी सामने आई है, लेकिन पीएनओ नंबर नहीं होने के चलते तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी थी। 

Untitled design (10)

शव के पास पड़ी मृतका की पैंट को पुलिसकर्मियों द्वारा पहनाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच करवाई। उन्होंने कहा कि शव की पहचान और मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

Untitled design (11)

जानकारी के मुताबिक महिला सिपाही रविवार को रामनगर स्थित महादेव मंदिर में ड्यूटी पर गई थीं, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। मंगलवार सुबह उनका शव हाईवे किनारे मिला। महिला सिपाही मूल रूप से जनपद सुल्तानपुर की रहने वाली थीं और 11 अगस्त 2024 को उनकी तैनाती बाराबंकी के सुबेहा थाना में की गई थी। सूत्रों के अनुसार ने वर्ष 2024 में बाराबंकी कोतवाली में तैनात एक सिपाही के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। यह मामला चर्चा में रहा था और इसकी जांच अभी भी चल रही है।

वहीं, IG अयोध्या मंडल प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या सोची समझी रणनीति के तहत की गई प्रतीत हो रही है। फॉरेंसिक टीम ने सारे सबूत इकट्ठा किए हैं। पुलिस की जांच चल रही है। जल्द ही पूरे मामले को लेकर खुलासा किया जाएगा।

ये भी पढ़े : नगर निगम के श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 422.85 रुपये करने की मांग, LMCEU ने महापौर को लिखा पत्र

 

संबंधित समाचार