मुरादाबाद: सिर में सटाकर मारी थी शकील को गोली, हुआ खुलासा
मुरादाबाद,अमृत विचार। टैपों चालक व आरटीओ कार्यालय में बतौर एजेंट काम करने वाले शकील की हत्या दो लाख रुपयों के लेनदेन के विवाद में हुई थी। आरोपी ने दोस्त के जरिए बात करने के बहाने उसे बुलाया फिर सिर पर सटाकर गोली मार दी, बाद में ईट से सिर कुचलकर उसे मौत के घाट उतार …
मुरादाबाद,अमृत विचार। टैपों चालक व आरटीओ कार्यालय में बतौर एजेंट काम करने वाले शकील की हत्या दो लाख रुपयों के लेनदेन के विवाद में हुई थी। आरोपी ने दोस्त के जरिए बात करने के बहाने उसे बुलाया फिर सिर पर सटाकर गोली मार दी, बाद में ईट से सिर कुचलकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान सिगरेट लेने के बहाने उसने अपने एक दोस्त को मौके से हटा दिया। यह जानकारी होने के बाद पुलिस ने एक दोस्त को हिरासत में लेने के बाद तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
हत्या की यह वारदात रविवार की रात मझोला थाना क्षेत्र में एकता कालोनी में हुई थी। गागन वाली मैनाठेर निवासी शकील आटो चलाने के साथ ही आरटीओ कार्यालय में एजेंट का काम करता था। एकता कालोनी निवासी प्रदीप प्रजापति और इशरत भी एजेंट का काम करते थे, जिस कारण शकील की उनसे दोस्ती थी। बताते हैं कि प्रदीप के कहने पर शकील ने एक गाड़ी का परमिट बनवाया था।
परमिट बनने के बाद प्रदीप व इशरत ने पैसे शकील को देने की बजाए अपने पास रख लिए। जिस कारण शकील का प्रदीप से विवाद हो गया, वह प्रदीप से दो लाख रुपए की डिमांड कर रहा था। पुलिस के अनुसार इसको लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। तगादा करने पर गुस्साए प्रदीप ने पैसे देने की बात कहते हुए अपने दोस्त से फोन करवाकर शकील को लोहिया आवास की छत पर बुलाया था। बात करने के बहाने तीसरे साथी इशरत को सिगरेट लेने के बहाने नीचे भेज दिया और प्रदीप ने सिर पर सटाकर शकील को गोली मार दी। बाद में ईट से कुचलकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
इस मामले में शकील के पिता मल्लू की तरफ से मियां कालोनी निवासी इशरत, पाकबड़ा के लोधीपुर निवासी फिरोज और एकता कालोनी निवासी प्रदीप प्रजापति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इंस्पेक्टर क्राइम मझोला अवधेश कुमार ने बताया कि फरार हत्यारोपियों की तलाश में दबिश संभावित ठिकानों पर दी जा रही हैं। जल्द ही गिरफ्तार कर भेज भेजा जाएगा। वहीं पुलिस ने एक दोस्त को हिरासत में ले लिया है।
