बरेली : महिला ने झाड़ियों में फेंका पांच महीने का भ्रूण, बेटे ने दर्ज कराया मां के खिलाफ भ्रूण हत्या का मुकदमा
बरेली, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। एक महिला ने गर्भपात कराया और 5 महीने का भ्रूण झाड़ियों में फेंक दिया। महिला की ये करतूत उनके बेटे ने उजागर कर दी। बेटे ने अपनी मां के खिलाफ अवैध तरीके से गर्भपात कराने और भ्रूण हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। बेटे की निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों से पांच महीने का भ्रूण बरामद कर लिया है।
घटनाक्रम कैंट थाना क्षेत्र का है। महिला की उम्र करीब 45 वर्ष है। आरोप है कि गर्भ से थीं, लेकिन उन्होंने अपना गर्भपात कराकर, भ्रूण झाड़ियों में फेंक दिया। महिला के 20 साल के बेटे ने डायल 112 सूचना देकर पुलिस बुला ली और मां की करतूत बता दी।
महिला के बेटे ने पुलिस को बताया कि उसकी मां गर्भवती थीं। इस बात की जानकारी उसे थी। शनिवार, आधीरात को उसने मां को घर से बाहर जाते हुए देखा। उसने पीछा किया-देखा कि झाड़ियों में एक झोला पड़ा था। उसमें भ्रूण था। जिसे देखकर वह दंग रह गया।
पुलिस ने महिला के खिलाफ भ्रूण हत्या के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर, पुलिस कार्रवाई के बाद महिला घर से फरार हो गई। पुलिस ने भ्रूण का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें पता चला कि वह पांच महीने का पुरुष शिशु था। डॉक्टरों के मुताबिक, लगभग तीन महीने तक का गर्भ दवाओं के माध्यम से गिराया जा सकता है। लेकिन पांच महीने के गर्भपात के लिए प्रशिक्षित डॉक्टरों के जरिये ही गर्भपात संभव है। इसकी भी एक तय प्रक्रिया है, जिसके लिए अनुमति लेना अनिवार्य है।
पुलिस जांच में पता चला है कि महिला के घर में पारिवारिक कलह रहती थी। महिला को नशे की लत लग गई थी। परिवार में झगड़ा होता रहता था। एक तरह से घर का माहौल काफी तनावपूर्ण रहता था।
सीओ फर्स्ट आशुतोष शिवम के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। अभी तक ये साफ नहीं हो सकता है कि महिला ने खुद ही गर्भपात किया या फिर किसी डॉक्टर का सहयोग लिया। भ्रूण को कब्जे में लेकर एफआईआर दर्ज की गई है और महिला की तलाश जारी है।
उधर, इस घटना की जानकारी आम होने के बाद हर कोई सन्न रह गया। एक महिला, जिन्होंने पांच महीने का भ्रूण झाड़ियों में फेंक दिया-उनके खिलाफ उन्हीं के बेटे ने भ्रूण हत्या का मामला दर्ज कराया है। ये अपनी तरह का पहला केस माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें - Bareilly: कांवड़ यात्रा में गये थे घर के पुरुष...महिला और बच्चों से तमंचे की नोक पर लूट
