मुख्यमंत्री योगी आज अलीगढ़ और आगरा की दौरे पर, शुरू करेंगे अटलपुरम... करोड़ों की परियोजनाओं की देंगे शुरुआत

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अलीगढ़ और आगरा का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, साथ ही विकास कार्यों की प्रगति और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। इस दौरे के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को पूरी तरह से सुनिश्चित किया है।

अलीगढ़ में व्यस्त कार्यक्रम

मुख्यमंत्री सुबह 9:50 बजे अलीगढ़ के आईटीआई मैदान में हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। वहां से वे सड़क मार्ग से कलेक्ट्रेट जाएंगे, जहां सुबह 10:00 से 11:15 बजे तक मंडल के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद 11:15 से दोपहर 12:15 बजे तक मंडलीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था पर विचार-विमर्श होगा।

दोपहर में नुमाइश मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री 1194.75 करोड़ रुपये की 188 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें रामघाट-कल्याण मार्ग को फोरलेन करने का कार्य भी शामिल है, जिसकी घोषणा पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की त्रयोदशी के अवसर पर की गई थी। इस परियोजना पर लोक निर्माण विभाग 400 करोड़ रुपये की लागत से काम करेगा। इसके साथ ही, लाभार्थियों को योजनाओं के प्रमाण पत्र और छात्रों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे।

आगरा में अटलपुरम की शुरुआत

अलीगढ़ के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे आगरा रवाना होंगे। वहां वे आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की महत्वाकांक्षी टाउनशिप ‘अटलपुरम’ का शुभारंभ करेंगे। यह परियोजना आगरा के शहरी विकास और आवासीय सुविधाओं को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगी। इसके अलावा, वे आगरा में अन्य विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।  

दौरे का समय और वापसी

मुख्यमंत्री का यह दौरा कुल 3 घंटे 50 मिनट का होगा, जिसमें वे अलीगढ़ में 2 घंटे 25 मिनट और आगरा में शेष समय व्यतीत करेंगे। इसके बाद वे शाम को लखनऊ लौट आएंगे।

यह भी पढ़ेंः स्वतंत्रता दिवस से पहले लाल किले की सुरक्षा में बड़ी चूक, 7 पुलिसकर्मी निलंबित, 5 बांग्लादेशी गिरफ्तार

संबंधित समाचार