मंदिर के पुजारी का लटका मिला शव...पढ़े-लिखे नहीं थे तो कैसे लिखा सुसाइड नोट ?

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पसगवां, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के ग्राम मकसूदपुर के निकट साधू बाबा मंदिर के पुजारी 62 वर्षीय राधेश्याम का शव बुधवार की सुबह संदिग्धावस्था में मंदिर परिसर में एक पेड़ से लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने एक सुसाइड नोट भी मौके से बरामद किया है।
 
पुजारी राधेश्याम मूलतः बरवर के मोहल्ला विजयनगर के निवासी थे। वह अविवाहित, और दो भाइयों में बड़े थे। छोटे भाई विवाहित है। दोनों भाइयों के पास पिता की आठ बीघा जमीन है। राधेश्याम बतौर पुजारी लगभग 20 वर्षों से साधु बाबा आश्रम में रह कर पूजा अर्चना करते हुए वहीं निवास करते थे। बुधवार की सुबह लोग जब खेत पर गए तो राधेश्याम को मंदिर परिसर में आम के पेड़ लटकता पाया। सूचना पाते ही मौके पर भारी भीड़ जमा होती गई। 

जिसने भी सुना, उन्हें देखने आया। लोगों के मुताबिक पुजारी आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकते थे। मौके पर मौजूद लोग इसे संदिग्ध मान रहे थे और गहरी छानबीन करने की बात कर रहे थे। पुजारी के पास एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ जिसमें वह अपनी मर्जी से आत्महत्या की बात कह रहे हैं और किसी को भी न सताने के लिए कह रहे हैं। मौके पर मौजूद लोगों से यह बात भी निकल कर आई कि पुजारी ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं थे। 

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। साधू बाबा मंदिर जहानीखेड़ा बरवर मार्ग पर छोहा नाला के निकट मार्ग से 200 मीटर दूर स्थित है। मार्ग पर छोहा पिकेट भी है। सांसद रेखा अरुण वर्मा के ग्राम मकसूदपुर के निकट होने से इस मंदिर की पहचान भी बढ़ गई थी। थानाध्यक्ष रविन्द्र सोनकर ने बताया कि सुसाइड नोट के अनुसार मामला आत्महत्या का ही लगता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार और यदि कोई तहरीर मिलती है तो उसके अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी

संबंधित समाचार