भोपाल महापौर ने देखी शिवरी प्लांट में कूड़ा निस्तारण की तकनीक: खाए लखनऊ के गोलगप्पे, यूपी दर्शन, गोमती नगर मॉडल वेंडिंग जोन भी देखा
लखनऊ, अमृत विचार : नगर नगर निगम की सफाई व्यवस्था देखने आईं भोपाल की महापौर ने यूपी दर्शन पार्क देखकर अनुपयोगी वस्तुओं से बनी कलाकृतियों को सराहा। इसके बाद महापौर सुषमा खर्कवाल के साथ जाकर गोमती नगर स्थित मॉडल वेंडिंग जोन देखा वहां लखनऊ के गोलगप्पे का स्वाद लिया। भोपाल की महापौर ने कहा कि, वह अपने यहां लखनऊ नगर निगम के कूड़ा निस्तारण मॉडल का अपने यहां प्रयोग करेंगी।
3.jpg)
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में भोपाल नगर निगम को दूसरा और लखनऊ नगर निगम को देश में तीसरा स्थान मिला है। भोपाल की महापौर मालती राय के नेतृत्व में वहां के नगर निगम का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को लखनऊ पहुंचा। इस प्रतिनिधिमंडल ने महापौर सुषमा खर्कवाल के साथ ट्रांसफर स्टेशन, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था, ट्रांसपोर्टेशन और शिवरी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में कूड़े के निस्तारण की प्रक्रिया देखी।
3.jpg)
शिवरी प्लांट में कंपोस्ट निर्माण, री-साइकिलिंग एवं अन्य उपयोगी संसाधनों की प्रक्रिया को भी समझा। इसके बाद स्मार्ट सिटी कार्यालय में लखनऊ नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें डिजिटल निगरानी, नागरिक भागीदारी, सूचना प्रौद्योगिकी और सस्टेनेबल वेस्ट मैनेजमेंट के क्षेत्र में लखनऊ नगर निगम के नवाचारों की जानकारी साझा की गई।
नवाचार को भोपाल की टीम ने सराहा और उपयोगी बताया। निरीक्षण में उपसभापति गिरीश गुप्ता, उप नेता पार्षद दल भाजपा सुशील तिवारी ''पम्मी'', नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, वरिष्ठ अधिकारी और संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल रहे।
लखनऊ के अनुभवों को भोपाल में करेंगे लागू
भोपाल की महापौर मालती राय ने कहा कि लखनऊ नगर निगम से मिले अनुभवों को भोपाल में लागू करने का प्रयास करेंगे। कूड़ा निस्तारण की तकनीकी व्यवस्था से लेकर नागरिक भागीदारी और डिजिटल मॉनिटरिंग तक हर स्तर पर लखनऊ ने जो उत्कृष्टता दिखाई है वह देश के अन्य नगर निकायों के लिए एक मॉडल है। हमने ट्रांसफर स्टेशन से लेकर शिवरी प्लांट तक की व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा और महसूस किया कि लखनऊ नगर निगम ने योजनाबद्ध और दूरदर्शी सोच के साथ कार्य किया है।
