अमरोहा : वाहन बेचकर चोरी करने वाले गैंग का खुलासा, पांच गिरफ्तार
फेसबुक मार्केट प्लेस पर झांसा देकर लगाते थे चूना, कार और डुप्लीकेट चाबी बरामद की
अमरोहा, अमृत विचार: थाना गजरौला पुलिस व एसओजी ने फेसबुक मार्केट प्लेस पर झांसा देकर वाहन बेचकर उनका पीछा करते हुए दूसरी चाबी से वाहन चोरी करने वाले अन्तर्जनपदीय चोर गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर कब्जे से चोरी की स्विफ्ट कार दस्तावेज सहित डुप्लीकेट चाबी व घटना में प्रयुक्त होने वाली कार को बरामद किया है।
गुरुवार को एसपी अमित कुमार आनंद ने इस गैंग का खुलासा किया है। एसपी के मुताबिक 31 जुलाई को गजरौला के मोहल्ला सरस्वती विहार कॉलोनी निवासी गौरव सिद्धू पुत्र रनवीर सिंह ने फेसबुक के जरिए विश्वेंद्र सिंह पुत्र जोगेंद्र सिंह से नोएडा में एक स्विफ्ट गाड़ी खरीदी थी। इसकी कीमत चार लाख 80 हजार रुपये थी। अगले ही दिन 1 अगस्त को विश्वेंद्र सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर दूसरी चाबी से गाड़ी चुरा ली थी। मामले में गौरव सिद्धू की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर घटना का खुलासा कर खाद गुर्जर रोड से कस्बा की ओर जाने वाले रास्ते से पांच आरोपियों शुभम प्रताप सिंह पुत्र चंद्र सिंह निवासी गांव औरंगाबाद हाथरस, छोटू चौधरी पुत्र हीरालाल निवासी गांव गदाई हाथरस, अजीत पुत्र जगदेव निवासी गांव शेरपुर, विवेक सिंह पुत्र विनोद चौधरी निवासी मथुरा, अजीत उर्फ लकी निवासी हाथरस को चोरी की कर शिफ्ट के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त की जाने वाली ब्रेजा कार, मोबाइल फोन, गाड़ी के दस्तावेज, चाबी सहित अन्य सामान बरामद किया है। एसपी ने बताया कि आरोपी वाहन चालकों सस्ता बेचने का लालच देकर फर्जी कागजों के आधार पर नोटरी कर कर धोखाधड़ी करके बेच देते थे। तथा वाहन की एक चाबी अपने पास यह कहकर रख लेते थे की गाड़ी ट्रांसफर होने पर दूसरी चाबी दे देंगे। वाहन चालक का पीछा करते हुए दूसरी चाबी से वाहन को चोरी कर लेते थे तथा उसे दोबारा ऑनलाइन मार्केटप्लेस ऐप पर बेच देते थे। एसपी ने बताया कि आरोपी फेसबुक मार्केटप्लेस ऐप के माध्यम से गाड़ी बेचने का सौदा करते थे तथा एक ग्राहक को देकर दूसरी चाबी से गाड़ी चुरा लेते थे। आरोपी गुरुवार को भी एक ग्राहक से ऐप के माध्यम से गाड़ी का सौदा करने वाले थे। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया कि गिरफ्तार आरोपी संगठित गिरोह नई उम्र के अपराधी हैं। जिन पर हाथरस, बुलंदशहर, मथुरा, अमरोहा सहित वाहन चोरी धोखाधड़ी करने के संबंध में 20 से अधिक मुकदमे दर्ज है। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है।
