मुरादाबाद : महिलाएं तीन दिन मुफ्त कर सकेंगी बसों में यात्रा
रक्षाबंधन पर महिलाओं को मिलेगी निशुल्क बस सेवा
मुरादाबाद, अमृत विचार : रक्षाबंधन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं के लिए परिवहन निगम की बसों में यात्रा तीन दिनों के लिए मुफ्त कर दी है। 08 अगस्त सुबह 6 बजे से 10 अगस्त रात 12 बजे तक सभी माताओं, बहनों और बेटियों को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। रोडवेज प्रबंधन ने भी अपनी कमर कस ली है। 12 मार्ग पर बसों के चक्कर भी बढ़ाए गए हैं।
गुरुवार को क्षेत्रीय प्रबंधक ममता सिंह ने बताया कि भाई बहनों के पवित्र त्योहार को लेकर 07 से 12 अगस्त तक अधिकतम बसों का संचालन कराया जाए और सभी बसें सुचारु रूप से ऑन रोड रहेंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के तहत 8, 9,10 अगस्त तक बहनों को अपना आधार कार्ड दिखाना होगा और बसों में माताएं, बहनें और बेटियों को बस का टिकट नहीं लेना पड़ेगा। रक्षाबंधन के पर्व पर महिलाएं बिना किसी परेशानी के अपने भाई के घर और वहां से अपने घर पहुंच सकें। योजना 8 से 10 अगस्त तक प्रभावी रहेगी। बसों के चक्कर 7 से 12 अगस्त तक बढ़ाए गए है।
बसों के अतिरिक्त चक्कर परिक्षेत्र के सभी डिपो पर दिल्ली, कौशांबी, रामनगर, हल्द्वानी, बरेली, बदायूं, चंदौसी, बिल्सी, संभल कोटद्वार, बढ़ापुर, रायपुर, धामपुर, कालागढ़, हरिद्वार की रोड पर चलने वाली बसों के 156 चक्कर बढ़ा दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम क्षेत्रीय प्रबंधक ने सभी चालक-परिचालकों की 8, 9, 10 तीन दिन के लिए छुट्टियां रद्द कर दी हैं। वहीं चालकों और परिचालकों द्वारा बहनों को अपनी मंजिल तक कुशलता पूर्वक पहुंचने के लिए रोडवेज प्रबंधन की ओर से चालकों को प्रोत्साहन राशि देने की बात कही गई है।
