Bareilly:  ग्रेटर बरेली योजना की अवशेष भूमि पर कब्जे को कवायद तेज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की आवासीय योजना ग्रेटर बरेली के लिए करीब 32.7918 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस योजना के लिए 224.2530 हेक्टेयर चिह्नित भूमि में से 83.31 प्रतिशत भूमि आपसी सहमति से अधिग्रहण की जा चुकी है। अवशेष भूमि अधिग्रहण करने के लिए विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (संयुक्त संगठन कार्यालय) ने तैयारी शुरू की है। विज्ञप्ति भी जारी कर दी गई है। पुराने सर्किल रेट के आधार पर भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये शहर प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत बीडीए ग्रेटर बरेली आवासीय योजना विकसित कर रहा है। इस योजना के लिए 224.2530 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की है। मोहनपुर उर्फ रामनगर, अहरोला, नवदिया झादा, इटौआ बेनीराम, कचौली, बालीपुर अहमदपुर व कंथरी गांवों की भूमि चिह्नित कर भूस्वामियों से समझौते के आधार पर जमीन हासिल की गई। इसमें बीडीए ने भू-स्वामियों से आपसी सहमति के आधार पर चिह्नित भूमि में से करीब 83.31 प्रतिशत भूमि का बैनामा अपने पक्ष में करा लिया, लेकिन योजना के लिए बची 16.89 प्रतिशत भूमि नहीं खरीदी जा सकी। योजना में शामिल इन जमीनों के भूस्वामियों ने अपनी जमीन देने से इनकार कर दिया।

परियोजना को पूरा करने के लिए संपूर्ण भूमि पर कब्जा होना अनिवार्य। पिछले साल 3 दिसंबर को तत्कालीन जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने आदेश जारी कर कहा कि सामाजिक समाघात निर्धारण अध्ययन रिपोर्ट तैयार करने के लिए एजेंसी अग्रीमा ने अपनी रिपोर्ट 9 नवंबर 2024 को दी थी। इसमें प्रस्तावित भूमि पर कब्जा लिया जाना आवश्यक बताया। इसके बाद जिला प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण करने के लिए पहले विज्ञप्ति निकाली। विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी कार्यालय के माध्यम से शेष भूमि और अधिग्रहण होनी है

मोहनपुर उर्फ रामनगर गांव की 18 गाटा संख्याओं की कुल 6.7085 हेक्टेयर भूमि, अहरोला गांव की 14 गाटा संख्याओं की 6.3277 हेक्टेयर भूमि, नवदिया झादा गांव की 15 गाटा संख्याओं की 2.8122 हेक्टेयर भूमि, बालीपुर अहमदपुर गांव की 64 गाटा संख्याओं की कुल 13.3167 हेक्टेयर भूमि, कचौली गांव की सात गाटा संख्याओं की कुल 1.4593 हेक्टेयर भूमि, इटौआ बेनीराम गांव की आठ गाटा संख्याओं की कुल 2.0284 हेक्टेयर भूमि, कंथरी गांव की दो गाटा संख्या की 0.1390 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण की जाएगी। कुल 32.7918 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण की जानी है।

संबंधित समाचार