बिजनौर में मौत का कुआं, तीन भाइयों की दम घुटने से मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर, अमृत विचार। बिजनौर जिले के शिवाला कला थाना क्षेत्र में रविवार को कुंए में उतरे तीन भाइयों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। शिवाला कला थाने के प्रभारी (एसएचओ) राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि आज गांव सरकथल में छत्रपाल (25) अपने सगे भाई कशिश (20) और चचेरे भाई हिमांशु (22) के साथ अपने कुंए में पंपिंग सेट का पट्टा चढ़ाने उतरा था। 

उन्होंने बताया कि छत्रपाल पट्टा चढ़ाने नीचे उतरा तो कुंए में बनी जहरीली गैस से बेहोश हो गया और फिर एक-एक कर हिमांशु और कशिश उतरे तो वे दोनों भी बेहोश हो गये। शर्मा के मुताबिक, वहां मौजूद धर्मवीर ने घबराकर शोर मचा दिया और शोर सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गये।

थानेदार ने बताया कि गांव के ही चेतन ने हिम्मत दिखाते हुए मुंह पर कपड़ा बांधा और रस्सी लेकर कुएं में उतरा। उसने तीनों को रस्सी से बांध दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें बाहर खींच लिया उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने तीनों को नूरपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। शर्मा के मुताबिक, तीनों की दम घुटने से मौत हुई है। पुलिस के अनुसार परिजनों ने कोई भी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया है। 

यह भी पढ़ेंः पत्नी ने सो रहे पति की आंख में डाला मिर्चा... फिर चाकू से काटकर अलग कर दिया प्राइवेट पार्ट, हालत गंभीर

संबंधित समाचार