रामपुर : तिरंगा यात्रा के साथ स्वतंत्रता का जश्न मनाने का हुआ आगाज

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

डीएम, एसपी, शहर विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि हुए शामिल

रामपुर, अमृत विचार: शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन की ओर हर घर तिरंगा यात्रा के बाइक रैली निकाली। इसके साथ स्वतंत्रता दिवस के जश्न मनाने का आगाज हो गया।

रविवार को शहर विधायक आकाश सक्सेना, जिलाधिकारी  जोगिंदर सिंह, पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र और जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार सहित भारी संख्या में आमजन ने शहर में आंबेडकर पार्क से गांधी समाधि स्थल तक मोटरसाइकिल रैली निकाली। इसमें सभी अधिकारी और नेताओं ने हेलमेट लगाकर यातायात सुरक्षा का संदेश भी दिया। रैली का उद्देश्य आमजन में देशभक्ति की भावना को और अधिक प्रबल बनाना तथा हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जन भागीदारी को बढ़ाना है। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने कहा कि आमजन 13 अगस्त से 15 अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा झंडा लगाएं। नागरिक तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर उसे वेबसाइट पर भी अपलोड करें। भाजपा की ओर से आयोजित हर घर तिरंगा अभियान के तहत रविवार को तिरंगा यात्रा निकाली। जिसमें शहर विधायक आकाश सक्सेना और भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार शामिल हुए। विधायक ने कहा कि तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं, बल्कि हर भारतीय की पहचान है।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि शहर विधायक आकाश सक्सेना, भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने ग्राम मंढौली शिव मंदिर में पूजन कर किया। इसके बाद कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लिए बाइकों पर सवार हो गए। इस बीच भारत माता की जय, वंदे मातरम सरीखे नारों की गूंज रही। देशभक्ति गीतों ने यात्रा को और भव्य बना दिया। तिरंगा यात्रा चिकटी रामनगर, बीसरी, पंजाबनगर, जौलपुर, मिश्रीनगर, बहपुरा, बकैनिया, नारायणपुर, नसरतनगर होते हुए ककरौआ पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।

शहर विधायक ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान एक राष्ट्रीय आंदोलन है, जिसका उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जागृत करना और तिरंगे के प्रति सम्मान को और भी मजबूत करना है। केवल सरकारी कार्यालयों में ही नहीं, बल्कि हर घर तिरंगा लहराना चाहिए। यह एक प्रयास है देश को एकजुट करने का, जिससे हर नागरिक को यह अहसास हो कि वह देश की आजादी और लोकतंत्र का एक अहम हिस्सा है।

जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं है,यह हमारे संविधान, संस्कृति, और बलिदान का प्रतीक है। इसका हर रंग केसरिया, सफेद और हरा एक विशेष अर्थ रखता है। तिरंगे को सम्मान देना,उन शहीदों को सम्मान देना है जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें यह आजादी दिलाई। तिरंगा यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, रामपुर ग्रामीण मंडल के अध्यक्ष कमल लोधी, कुंवर बहादुर राजपूत, ब्रजेश लोधी, मनीष लोधी, प्रमोद कुमार  लोधी, महासिंह राजपूत, सोनू लोधी आदि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार