संभल : पति, बच्चों को छोड़ तीन बच्चों के पिता की तीसरी पत्नी बनकर रहेगी महिला

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

विवाहिता की जिद के आगे तीन दिन से चल रही पंचायत भी हार गई

संभल/ रजपुरा, अमृत विचार। जब सिर पर प्यार का भूत सवार होता है तो इंसान मान सम्मान और घर परिवार सब कुछ भुला देता है। धनारी थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली शादीशुदा महिला के सिर प्यार का भूत ऐसा सवार हुआ कि उसने पति व बच्चों को छोड़कर पहले से दो पत्नियां रख रहे वाहन चालक प्रेमी की तीसरी पत्नी बनने की जिद पकड़ ली। महिला की जिद के सामने पंचायत को भी झुकना पड़ा।

रजपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 35 वर्षीय युवक की शादी 15 वर्ष पहले जनपद अलीगढ़ के दादों थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला से हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। करीब 5 साल पहले युवक का धनारी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से प्रेम प्रसंग हो गया। युवक ने युवती से दूसरी शादी कर ली जिससे एक बेटी है। अब करीब दो महीने पहले युवक का धनारी थाना क्षेत्र के ही एक गांव निवासी दो बच्चों की मां से प्रेम प्रसंग हो गया। बबराला में किराए पर रह रही महिला भी उसके प्यार में पागल हो गई। इसकी भनक महिला के पति को लगी तो घर में विवाद होना शुरू हो गया। इसके बाद महिला अपने पति और दो बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने की जिद करने लगी।

शुक्रवार और शनिवार को गांव में पंचायत हुई लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला। रविवार सुबह करीब 11 बजे महिला रजपुरा थाने पहुंची और प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई।बच्चों के आंसू और पति की मनुहार से भी नहीं पसीजी। थाने में भी करीब 5 से 6 घंटे पंचायत हुई। महिला ने कहा कि पति और बच्चों को अब उसने छोड़ दिया तो उनसे कोई वास्ता नहीं है। महिला की जिद के आगे पंचायत भी हार गई। शाम को वह दोनों बच्चों और पति को छोड़कर चला गई। अब वह प्रेमी की तीसरी पत्नी बनकर रहेगी।

संबंधित समाचार