Bareilly : बच्चों को घर में ताला लगाकर बंद कर लापता महिला वृंदावन में मिली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में एक महिला घर में दो बच्चों को बंद कर लापता हो गई। पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें उसने अपने पति और उसकी प्रेमिका पर कई गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो उसकी अंतिम लोकेशन वृंदावन में मिली। स्थानीय पुलिस की मदद से उसे बरामद कर लिया गया है और एक टीम उसे लेने के लिए रवाना हो गई है।

सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शांति विहार निवासी विशाल गोस्वामी उर्फ गुड्डू बेकरी संचालक हैं। उनकी बेकरी पर एक महिला काम करती है। विशाल की पत्नी दीपिका शर्मा ने 19 जुलाई को पति और उस महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार सुबह दीपिका शर्मा अपने दोनों बच्चों दक्ष (11) और लक्ष्य (6) को घर के अंदर ताला लगाकर बंद कर दिया और लापता हो गई। उसने घर में एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें उस महिला और पति के संबंधों को लेकर लिखा है।

उसने लिखा कि महिला ने उसके पति का अश्लील वीडियो बना लिया है और उसी के जरिए उसके पति को लगातार ब्लैकमेल कर रही है। पति ने उसे एक किराए पर कमरा लेकर दिया है। वह इन्हीं लोगों की वजह से अपनी जान देने जा रही है। जांच के दौरान पुलिस को पता लगा कि घर के नंबर पर एक कॉल आई थी। किसी अनजान नंबर से दीपिका ने अपने बच्चों का हाल-चाल पूछा। पुलिस ने लोकेशन निकलवाई तो पता चला कि दीपिका वृंदावन में है। पुलिस की एक टीम वृंदावन रवाना हो गई है।

संबंधित समाचार