बर्ड फ्लू : संक्रमित जोन पर प्रशासन का पहरा, ग्रामीणों की आवाजाही पर रोक
बिलासपुर, अमृत विचार। तहसील में बर्ड फ्लू के पैर पसारे जाने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। संक्रमित जोन के एक-एक किलोमीटर वाले क्षेत्र में आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही पोल्ट्री फार्म की छत पर बैठने वाले पक्षियों को उड़ाने और सेनेटाइज करने का कार्य जारी है।
तहसील क्षेत्र में गांव सीहोर और चदेंन के दो पोल्ट्री फार्मों की मुर्गियां बर्ड फ्लू से संक्रमित निकल आईं थीं। प्रशासन ने मुर्गियों को खड्डा खोदकर उसमें दफन करवा दिया था। दोनों पोल्ट्री फार्मों में लगभग 52 हजार मुर्गियां मौजूद थीं। इसके अलावा भारत सरकार की एडवाइजरी के अंतर्गत दोनों पोल्ट्री फार्मों को इफेक्टेट जोन में रखा था। साथ ही यहां नौ टीमों का गठन करके उन्हें अलग-अलग कार्यों को अंजाम देने के लिए लगा दिया है।
दोनों स्थानों पर जाने वाले रास्तों पर अवरोधक लगा दिए गए हैं, ताकि वहां ग्रामीणों का अवागमन न होने पाए। इसी बीच बुधवार सुबह प्रशासन ने सख्ती और बढ़ा दी। कर्मचारी लगातार वहां तैनात रहे और सेनेटाइज किया गया। बगुलों को उड़ाने के लिए भी एक कर्मचारी की तैनाती की गई। ताकि अन्य पक्षी इस बीमारी की चपेट में न आ सकें।
एसडीएम अरुण कुमार ने बताया कि प्रशासन इस बीमारी से निबटने के लिए पूरी तरह अलर्ट है। संक्रमित क्षेत्र में चौकसी बढ़ाई गई है। ग्रामीणों को भी जागरूक किया जा रहा है। अब टीमों की संख्या बढ़ाकर 15 कर दी गई है। कहा कि दोनों फार्मों पर पुलिस की तैनाती है। पक्षियों को बचाने की भी कवायद जोरों पर है। वहीं, रामपुर शहर से लेकर देहात तक मुर्गा और अंडा की बिक्री पर रोक जारी है। चिकित्सा प्रभारी डॉ. अजीज हसन अंसारी, एडीओ पंचायत सलीम हुसैन, प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह, तहसीलदार शिव कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।
दूसरे स्थानों से नहीं आएगा चिकन व अंडा, सीमाएं सील
जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने बुधवार को तहसील सभागार में बर्ड फ्लू के मामलों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने कहा कि जब तक स्थिति नियंत्रण में नहीं होती है। तब तक जनपद में चिकन और अंडे की बिक्री पर पूर्ण रूप से रोक रहेगी। सीमाएं सील कर दी गईं हैं। दूसरे क्षेत्रों से भी जनपद में चिकन या अंडे का आगमन नहीं होगा। क्षेत्र को दो जोनो में विभाजित किया गया है। एक जोन की निगरानी एसडीएम अरुण कुमार तथा दूसरे जोन की निगरानी तहसीलदार शिवकुमार शर्मा करेंगे। लेखपालों, ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करने के निर्देश दिए। कहा कि अभी स्थिति कंट्रोल में है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपजिलाधिकारी अरुण कुमार, सीओ रविंद्र प्रताप सिंह, डिप्टी सीवीओ डॉ. अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
