चरम पर आजादी का जश्न : बाराबंकी में घर-घर लहराया तिरंगा, रोशनी से जगमगाए सरकारी भवन

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

बाराबंकी, अमृत विचार : आजादी की 79वीं वर्षगांठ पर पूरे जिले में देशभक्ति की अनुपम छटा बिखर रही है। गुरुवार सुबह से ही आजादी के जश्न का सिलसिला पूरे उत्साह के साथ शुरू हो गया। स्वतंत्रता दिवस पर पूरी आन बान शान के साथ शुक्रवार को ध्वजारोहण कर तिरंगा फहराया जाएगा। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर देशभक्ति गीतों की गूंज के साथ आजादी के अमृत महोत्सव की भावना को जीवंत किया जाएगा। जिलेभर में लाखों घरों की छतों पर तिरंगा लहराता नजर आया।

बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में तिरंगे को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया।सड़कों पर तिरंगा यात्राएं निकाली गईं, जिनमें हाथों में तिरंगा थामे लोगों ने 'वंदे मातरम्' और 'भारत माता की जय' के नारों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। शहर के मुख्य मार्गों, चौराहों और शहीद स्मारकों को तिरंगे की थीम पर आधारित रोशनी से सजाया गया है। लाल, सफेद और हरे रंग की बिजली की झालरों ने जिले के हर कोने को रोशन कर दिया है। इस बार बाजारों में भी आजादी का जोश देखने लायक है।

तहसील

तिरंगे के रंग में रंगी पगड़ियां, टोपी, ब्रेसलेट, बिल्ले, रिबन और सजावटी सामग्री की खरीदारी ने बाजारों को गुलजार कर दिया। छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े बाजारों तक में स्वतंत्रता दिवस की खरीदारी जोरों पर रही। शाम ढलते ही डीएम कार्यालय, कलेक्ट्रेट, तहसील, जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, विकास भवन, आवास विकास का दूरभाष केंद्र सहित रामसनेहीघाट, हैदरगढ़, फतेहपुर, सिरौलीगौसपुर व रामनगर की तहसीलों और सरकारी-निजी कार्यालयों के भवन तिरंगे रंग की रोशनी से जगमगा उठे। शुक्रवार को पूरे सम्मान और गर्व के साथ जिलेभर में ध्वजारोहण किया जाएगा।

तिरंगे के रंग में रंगा जनपद, गूंजे देशभक्ति के जयघोष

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बाराबंकी जिले में देशभक्ति का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक हर तरफ तिरंगे की शान और राष्ट्रप्रेम का अभिव्यक्ति देखने को मिला। जगह-जगह निकलीं भव्य तिरंगा यात्राओं ने माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के गगनभेदी नारों से पूरा जिला गूंज उठा।

शहर में उत्साही बच्चों, युवाओं और नागरिकों ने हाथों में तिरंगा थामे बाइक, साइकिल और पैदल तिरंगा यात्राओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्कूलों में भी छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य और गायन प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। धनोखर सरोवर पर बाराबंकी केमिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों और राज्य कर विभाग के अधिकारी आलोक सक्सेना की उपस्थिति में तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया गया। चेयरमैन संजय शुक्ला एवं जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह वर्मा सहित कई सदस्य मौजूद रहे। विकासखंड बंकी के प्राथमिक विद्यालय बनवा में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।

बाराबंकी तिरंगा

इसके अलावा अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा रैली का आयोजन हुआ। एएसपी विकास चन्द्र त्रिपाठी द्वारा अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी के साथ कोतवाली नगर क्षेत्र में घूमकर तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान सभी हाथों में तिरंगा लेकर चलते रहेे तथा इस दौरान वन्दे मातरम् और भारत माता की जय का उद्घोष भी होता रहा। ब्लॉक मुख्यालय मसौली से खंड विकास अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो मसौली चौराहा होते हुए पंचायत भवन पर समाप्त हुई। इस यात्रा में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, ग्राम पंचायत अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस मौके पर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) जानकीराम, आईएसबी मदन गोपाल कनोजिया, अवर अभियंता लघु सिंचाई मेराज अहमद सिद्दीकी, ग्राम पंचायत अधिकारी जैसराम, उत्तम वर्मा, कमलेश यादव, सौम्या सिंह, वन्दना पाल, बीना मौर्या, राम प्रकाश वर्मा, वीरेंद्र प्रताप सरोज, महेश प्रताप सिंह, प्रताप नारायण, संजीव कुमार सिंह, अजय कुमार वर्मा, अलमाश रिजवी आदि मौजूद रहे। विकासखंड मसौली के उच्च प्राथमिक विद्यालय मुंजापुर से निकाली गई तिरंगा यात्रा मनियां चांद होते हुए मुजापुर गांव में समाप्त हुई। इस मौके पर प्रधानाध्यापक मो. असलम, सहायक अध्यापिका कीर्ति निगम, शाबाना खान शामिल रहीं। 

15 अगस्त की तैयारी

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत कस्बा देवा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। ब्लॉक कार्यालय से प्रारंभ होकर यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई ब्लॉक परिसर में समाप्त हुई। रास्तेभर लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के नारों ने वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर पूर्व सांसद उपेंद्र सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मौर्य, ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र सिंह यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद हारुन समेत कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:- दरोगा की लाठी बनी मौत का फरमान : गैर इरादतन हत्या के मामले में चौकी इंचार्ज सलाखों के पीछे

संबंधित समाचार