UP : बाघ ने किसान को बनाया निवाला, अधखाया शव मिलने से फैली दहशत
संपूर्णानगर। अमृत विचार। थाना संपूर्णानगर क्षेत्र में शुक्रवार को पशुओं के लिए चारा लेने गए एक 45 वर्षीय किसान को बाघ उठा ले गया और उसे अपना निवाला बना डाला। शनिवार को तलाश के दौरान उसका अधखाया शव बरामद हुआ है। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया।
गांव लगदहन निवासी हरीशचंद्र (45) पुत्र हीरा लाल शुक्रवार को अपने गन्ने के खेत में मवेशियों के लिए चारा लेने गए थे। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों व ग्रामीणों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। शनिवार की सुबह तलाश के दौरान उनका अधखाया शव गन्ने के खेत में बरामद हुआ। मौके पर बाघ के पग चिह्न भी देखे गए हैं। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस व वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस व वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर वन विभाग ने बाघ की निगरानी के लिए टीमें गठित की हैं और ड्रोन कैमरे की मदद से उसकी लोकेशन पता करने की कोशिश कर रही है।
