नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की... जयकारों से गूंज उठी नाथ नगरी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। नाथ नगरी में जन्माष्टमी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। मंदिरों में भगवान कृष्ण के दरबार की भव्य सजावट की गई। रात 12 बजते ही मंदिरों व घरों में नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की...जयकारे गूंज उठे। बाल कृष्ण का अभिषेक कर पूजन किया गया। इसके बाद महाआरती की गई। मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा।

शहर में रामायण मंदिर, हरि मंदिर, बांकेबिहारी मंदिर, सनातन धर्म मंदिर, पवन विहार स्थित पशुपति नाथ मंदिर, ग्रीन पार्क स्थित देवी मंदिर, तपेश्वरनाथ मंदिर आदि में कृष्ण जन्म व पूजन का साक्षी बनने सैंकड़ों भक्तों की भीड़ उमड़ी। बांके बिहारी मंदिर में विदेशी गुलाब, रजनीगंधा व जिपसो के पत्तों से भव्य सजावट की गई थी। जहां बांके बिहारी का मनमोहक रूप सजाया गया। वहीं सनातन धर्म मंदिर में रंग-बिरंगी लाइटों ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जहां कृष्ण जन्म पर खीरा काटकर जन्मोत्सव मनाया गया। 

12 बजते हुई मंदिरों में भव्य आरती की गई।मंदिरों में राधा-कृष्ण की प्रतिमाओं की सजावट भक्तों के आकर्षण का केंद्र रही। बांके बिहारी मंदिर में भीड़ को देखते हुए रोड ब्लाक किया गया। वहीं, मंदिरों में पूजन के बाद महिला मंडलों ने नंद के आनंद भयो, यशोदा मैया को दे दो बधाई, गोविंद मेरो है गोपाल मेरो है... आदि बधाई गीत गाए। मंदिरों पंजीरी, फल, मिठाई, दही, मक्खन आदि का प्रसाद के रूप में वितरण किया गया।

कृष्ण जन्म पर महिलाओं ने गाई बधाई
बरगद वाले लाला कल्लूमल मंदिर में जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। बालकृष्ण का अभिषेक किया गया। महिलाओं ने कान्हा के जन्म पर बधाइयां गाईं। आरती कर प्रसाद का वितरण किया गया। सचिव शिरीष, योगेंद्र, आत्म प्रकाश, अनुराग, साक्षी नारायण, अतुल कंसल, रामारानी, पीयूष, सुमेधा, कविता, सुषमा मौजूद रहीं।

संबंधित समाचार