UP : दरोगा की मां का हत्यारा हिस्ट्रीशीटर पुलिस हिरासत से फरार...ड्यूटी में लगे सिपाही निलंबित
बदायूं, अमृत विचार। दारोगा की मां के हत्या के आरोपी हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था। मगर पकड़े जाने के चंद घंटों बाद ही आरोपी पुलिस की हिरासत से फरार हो गया। लिहाजा अब पुलिस के हाथ-पांव फूल चुके हैं, और बदमाश की तलाश की जा रही है।
दरअसल इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव मौसमपुर निवासी दारोगा मनवीर सिंह यादव जिला हापुड़ की पुलिस चौकी बहादुरगढ़ के इंचार्ज हैं। वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ हापुड़ में रहते हैं जबकि उनकी मां रातरानी (70) गांव में अकेली रहती थीं। 11 अगस्त की रात रातरानी का गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। उनके कानों से सोने के कुंडल लूट लिए गए थे। दारोगा की तहरीर पर उनके घर के सामने रह रहे हिस्ट्रीशीटर धीरेंद्र यादव पुत्र कुंवरपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
शुक्रवार की रात पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को अलीनगर के जंगल से मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था। बदमाश को पैर में गोली लगी थी। लिहाजा उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा था। रविवार तड़के करीब चार बजे आरोपी पुलिस की हिरासत से भाग निकला। हैरानी की बात ये है कि उसकी सुरक्षा में लगे दो सिपाहियों को भी भनक नहीं लगी और वह चकमा देकर निकल गया।
ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले दोनों सिपाहियों धर्मेंद्र व कुशहर को न सिर्फ निलंबित किया गया बल्कि उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने सीसीटीवी कैमरे चेक किए। सदर कोतवाली पुलिस को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द फरार बदमाश को पकड़ा जाए। एसएसपी ने फरार बदमाश को पकड़ने के लिए छह टीमों का गठन किया है।
