मुरादाबाद: गागन नदी में दो दिन में दो किशोरों की डूबकर मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। गागन नदी में दो दिन में नदी ने दो मासूम जिंदगियां निगल लीं। शुक्रवार को एक किशोर गहरे पानी में डूब गया, जिसका शव 18 घंटे की मशक्कत के बाद मिला। वहीं शनिवार को एक और किशोर नदी की लहरों में समा गया था। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

थाना मझोला क्षेत्र के गांव धीमरी निवासी राजेश भारती का 16 वर्षीय पुत्र शौर्य शुक्रवार दोपहर हर्बल पार्क के पास दोस्तों संग नदी में नहाने पहुंचा था। नहाते समय अचानक गहरे पानी में जाने से वह डूब गया। एसडीआरएफ की टीम ने देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार सुबह सात बजे गोताखोरों ने किशोर का शव बरामद किया। उधर, शनिवार दोपहर गांव भोलानगरी नयागांव आंबेडकरनगर लाकड़ी फाजलपुर निवासी सुनील त्यागी का 12 वर्षीय बेटा आदित्य भी आफत नगरी क्षेत्र स्थित गागन नदी में नहाने गया। 

नहाते वक्त वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। ग्रामीणों व पुलिस ने खोजबीन की और लगभग एक घंटे बाद उसे बाहर निकाला। जिसके बाद परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थाना मझोला प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि दोनों किशोरों की डूबने से मौत हुई है। लगातार लोगों से अपील की जा रही है कि नदी में न उतरें। सुरक्षा के लिए संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

 

संबंधित समाचार