ICC ने बॉब सिम्पसन के निधन पर शोक व्यक्त किया, उनके योगदान को किया याद
दुबई: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान बॉब सिम्पसन के निधन पर गहरा दुख जताया। आईसीसी ने 1990 के दशक में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को विश्व स्तर पर शीर्ष स्थान तक ले जाने में उनके खिलाड़ी, कप्तान और कोच के रूप में योगदान को याद किया। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के दिग्गजों में से एक सिम्पसन का शनिवार को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने एक बयान में सिम्पसन के योगदान को सराहा और कहा कि उनकी विरासत को हमेशा सम्मान दिया जाएगा। शाह ने कहा, “बॉब सिम्पसन क्रिकेट के महान हस्तियों में से एक थे। उनके निधन की खबर से गहरा दुख हुआ है। उन्होंने एक खिलाड़ी, कप्तान और कोच के रूप में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और वैश्विक क्रिकेट को प्रेरणा दी।”
उन्होंने आगे कहा, “सिम्पसन ने उन खिलाड़ियों को दिशा दिखाई जो बाद में क्रिकेट की दुनिया में किंवदंती बने। उनका प्रभाव खेल के मैदान से परे भी रहा।” शाह ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा, “आईसीसी की ओर से मैं उनके परिवार, दोस्तों और पूरे क्रिकेट समुदाय के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। उनका जाना क्रिकेट जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है, लेकिन उनकी उपलब्धियों को हमेशा याद रखा जाएगा।”
आईसीसी ‘हॉल ऑफ फेम’ में शामिल सिम्पसन ने 1957 से 1978 तक ऑस्ट्रेलिया के लिए 62 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 46.81 की औसत से 4,869 रन बनाए। उनके खाते में 10 शतक, 27 अर्धशतक और सर्वाधिक 311 रन का स्कोर शामिल है।
