Lucknow News: नगर निगम लखनऊ की कार्यकारिणी समिति में चुने गए 6 नये सदस्य, महापौर ने दी बधाई
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ की कार्यकारिणी समिति में रिक्त पदों को भरने के लिए रविवार को सम्पन्न हुए विशेष अधिवेशन में छह नये सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए। पार्षद अरुण कुमार राय, पृथ्वी गुप्ता, पिंकी रावत, राजेश सिंह 'गब्बर', संदीप शर्मा एवं राम नरेश चौरसिया कार्यकारिणी समिति के सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए।
महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में आयोजित अधिवेशन में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यकारिणी समिति के लिए प्रक्रिया संपन्न हुई। इस प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नगर निगम अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यकारिणी के सदस्यों के चयन की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। जिसमें छह पार्षदों द्वारा अपने प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए और उन्हें निर्विरोध चयनित किया गया है।
सभी सदस्यों के निर्विरोध चुने जाने के साथ ही कार्यकारिणी समिति के रिक्त स्थानों की पूर्ति हो गई है। महापौर सुषमा खर्कवाल ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि नगर निगम की कार्यकारिणी समिति शहर के विकास की धुरी है।
नई कार्यकारिणी से अपेक्षा है कि लखनऊ को स्वच्छ, सुंदर और स्मार्ट शहर बनाने की दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकारिणी में चुने गए सभी सदस्य जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे और टीम भावना से काम करेंगे।
यह भी पढ़ें:-पीएम मोदी ने Delhi-NCR को दी बड़ी सौगात, दो राजमार्ग का किया उद्घाटन, कहा- पिछली सरकारों ने दिल्ली को गड्ढे में धकेला
