बहराइच: नेपाल सीमा पर 70 बोरी खाद जब्त, पुलिस ने चार आरोपियों को भेजा जेल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच। नेपाल सीमा पर पुलिस व सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में रविवार को बहराइच के लौकाही क्षेत्र में चार ऑटो रिक्शा पर लदी 70 बोरी उर्वरक जब्त कर ली गयी। चारों आटो ड्राइवर लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं। ड्राइवर द्वारा बताया गया कि यह उर्वरक लखीमपुर खीरी से लायी जा रही थी। पुलिस द्वारा चारों आटो को सीज करने के साथ-साथ सभी चारों अभियुक्तों को जेल में भेज दिया गया है।

जिला कृषि अधिकारी डॉ. सूबेदार यादव ने बताया कि जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर जिले के किसानो को उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित कराये जाने के उद्देश्य से कृषि, पुलिस व एसएसबी टीम के समन्वय से हुई कार्रवाई में 70 बोरी उर्वरक को सीज़ किया गया है। डॉ. यादव ने बताया कि मोतीपुर थाने में सभी अभियुक्तों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।

पुलिस व एसएसबी की टीमें लगातार सीमा पर नजर रख रही है तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थित उर्वरक दुकानों के स्टाक व बिक्री की नियमित जांच की जा रही है। पुराना स्टॉक खत्म होने पर ही दूसरी खाद की आपूर्ति की जा रही है। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वह आवश्यकता अनुसार ही यूरिया क्रय करें।

थाना मोतीपुर क्षेत्र में अवांछित गतिविधियों की अधिक संभावना को देखते हुए लगातार छापामारी की कार्यवाही जारी रहेगी। दुकानदारों को निर्देश दिया गया है कि ई पास मशीन के साथ ही नियमानुसार खाद की बिक्री करें। गाइडलाइन के विपरीत पाए जाने पर संबंधित पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

डॉ. यादव ने सभी सम्बन्धित को सचेत किया है कि यदि भविष्य में कोई भी विक्रेता या व्यक्ति उर्वरक तस्करी में सम्मिलित पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955, उर्वरक नियंत्रण अधिनियम 1985 एवं उर्वरक परिसंचरण अधिनियम 1973 में निहित प्रविधानों के अनुसार मुकदमा दर्ज कराकर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।

संबंधित समाचार