विद्यालय भवन के मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर सवाल, जेई को हटाया
लखनऊ, अमृत विचार: समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने रविवार को जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय (बालक) गोपालपुर, भोजीपुरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में चल रहे भवन मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पायी। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए राज्यमंत्री ने आउटसोर्सिंग पर कार्यरत जूनियर इंजीनियर (जेई) माज खान को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही राज्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को मरम्मत कार्य को तय मानकों के अनुसार समयबद्ध ढंग से पूरा कराने की सख्त हिदायत दी।
स्कूल में मरम्मत कार्य की वजह से करीब डेढ़ महीने से कक्षाएं प्रभावित हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्कूल भवन और सुविधाओं के उन्नयन के लिए 1.5 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया था। मंत्री ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं सुनिश्चित करना हमारा लक्ष्य है। ऐसी संस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
