रामपुर : पकौड़ी विक्रेता को गोली मारने का आरोपी प्रधान पति गिरफ्तार
रामपुर, अमृत विचारः शराब की दुकान पर पकौड़ी का ठेला लगाने को लेकर चल रहे विवाद मे गोली मारने के मामलें में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रधान पति को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। जहां से कोर्ट ने जेल भेजा है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मड़ैयान भज्जन उर्फ पस्तौर निवासी ब्रजकिशोर पुत्र कल्लू सिंह गांव शिवपुरी मे शराब की दुकान के पास पकौड़ी का ठेला लगाता है। जिसको लेकर ग्राम प्रधान पति नेतराम उससे रंजिश रखता है। शराब की दुकान भी प्रधान पति नेतराम की है। प्रधान पति द्वारा उसे अपना ठेला हटाने के लिए कई बार धमकी भी दी गई थी। चार दिन पूर्व गुरुवार की शाम को प्रधान पति नेतराम, सुरेश, राकेश, राज कुमार, आकाश, महेंद्र ओर कुछ अन्य लोग निवासी ग्राम बथुआ खेड़ा देसी तमंचे, लाइसेंसी रायफल, बल्लम, लाठी डंडे लेकर ठेले पर आ गए ओर ठेले को पलट दिया था। विरोध करने पर उसके भाई मौर सिंह ओर अशोक को आरोपियों मारपीट शुरू कर दी थी। भाई अशोक को जान से मारने की नियत से तमंचे से फायर मार दिया जो पीठ मे जाकर लगा था। आरोपियों ने लाइसेंसी रायफल से उसके ऊपर भी फायर झोंक दिया जिससे वह बाल बाल बच गया था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी आकाश को जेल भेज दिया था। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि घटना का आरोपी प्रधान पति नेतराम भागने की फिराक में बिलासपुर मार्ग स्थित पिरानी के बाग पर सवारी के इंतजार में खड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी प्रधान पति को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। जबकि पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
