मेरठ में सैनिक के साथ मारपीट से हंगामा, गुस्साए लोगों ने टोल प्लाजा पर की तोड़फोड़, एक्शन में पुलिस

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मेरठः मेरठ के भुनी टोल प्लाजा पर एक सैनिक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना सरूरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत करनाल हाइवे पर स्थित भुनी टोल प्लाजा की बताई जा रही है। टोल कर्मचारियों ने एक सैनिक के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उसके साथ अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

यह घटना रविवार देर रात की है। जानकारी के अनुसार, पास के एक गांव का निवासी कपिल, जो भारतीय सेना में जवान है और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में तैनात है, अपने दोस्त के साथ कार से दिल्ली जा रहा था। भुनी टोल प्लाजा पर पहुंचने पर टोल फीस और जाम को लेकर टोल कर्मचारियों के साथ उसकी कहासुनी हो गई।


पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतार थी और जल्दी निकलने को लेकर कपिल की टोलकर्मियों से कहासुनी हो गयी। उन्होंने बताया कि विवाद बढ़ने पर टोलकर्मियों ने कपिल से मारपीट शुरू कर दी। मामले में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कहासुनी जल्द ही विवाद में बदल गई। टोल कर्मचारियों ने कथित तौर पर सैनिक की लात-घूंसों और डंडों से पिटाई की। वीडियो में एक टोल कर्मचारी को ईंट उठाकर मारने की धमकी देते हुए भी देखा गया है। 

गुस्साए लोगों ने की तोड़फोड़

वीडियों के वायरल होते हो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने टोल प्लाजा पर जाकर जमकर तोड़फोड़ की। गुस्साए लोगों को पुलिस ने समझाकर फिलहाल मामला शांत करा दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू तक दी है। 



यह भी पढ़ेंः Ghazipur News: स्कूल में छात्रों के बीच हिंसक झड़प, चाकूबाजी में एक छात्र की मौत, तीन अन्य घायल, एक्शन में पुलिस

संबंधित समाचार