लखीमपुर खीरी : सेठघाट पुलिस चौकी के पास तीन राउंड फायरिंग, इलाके में दहशत
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, रातभर मचा हड़कंप
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार की देर रात असामाजिक तत्वों ने पुलिस को सीधी चुनौती देते हुए पुलिस चौकी सेठघाट से महज कुछ कदमों की दूरी पर तीन राउंड हवाई फायरिंग कर दी। गोलियों की गूंज सुनकर आसपास के मोहल्लों में दहशत फैल गई। लोग घरों से बाहर नहीं निकले और किसी अनहोनी की आशंका से सहमे रहे। मौके पर यूपी 112 के साथ पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने युवकों की तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। पुलिस अब आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
घटना रात करीब 12 बजे की है। सेठघाट रोड पर मोहल्ला दुर्गापुरवा के निकट पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर धोबीघाट के पास कुछ युवकों ने हवाई फायरिंग की। मोहल्ले के लोगों के मुताबिक फायरिंग तीन राउंड हुई। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग सहम गए। उनमें दहशत व्याप्त हो गई। किसी अनहोनी की आशंका के चलते उन्होंने यूपी 112 पुलिस को सूचना दी। इससे पुलिस में हड़कंप मच गया। शहर कोतवाल हेमंत राय, मिश्राना चौकी इंचार्ज अजीत कुमार सिंह, सेठघाट चौकी इंचार्ज सुनील तिवारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फायरिंग करने वालों की तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने आसपास और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
सेठ चौकी इंचार्ज सुनील तिवारी ने बताया कि रात में गया था। जन्मदिन था एक लड़के का। कार्यक्रम चल रहा था। वहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिन्हें चेक किया हूं, उसी इलाके में एक युवक का जन्मदिन समारोह चल रहा था। वहां भी कैमरे लगे हैं, जिन्हें चेक किया गया है, लेकिन अब तक किसी के हाथ में असलहा या फायरिंग का सीधा फुटेज नहीं मिला है। पुलिस कुछ संदिग्ध युवकों को चिन्हित कर उनसे पूछताछ कर रही है। इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि पुलिस चौकी से इतनी नजदीक इस तरह की घटना होना कहीं न कहीं असामाजिक तत्वों के बढ़ते हौसले को भी दिखाता है।
