सेंट्रल स्टेशन समेत कई स्टेशनों पर धावा : 214 बेटिकट यात्री पकड़े, 18 पर गंदगी फैलाने का जुर्माना

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

सेंट्रल स्टेशन पर गेटों की नाकेबंदी कर चला चेकिंग अभियान, नीलांचल, सप्तक्रांति और नंदन कान्हा एक्सप्रेस में बेटिकट यात्रियों पर कार्रवाई

कानपुर, अमृत विचार : कानपुर सेंट्रल समेत मंडल के कई रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सोमवार को अचानक टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 214 बेटिकट यात्री पकड़े गए, जिनसे जुर्माना वसूला गया। वहीं 18 यात्री स्टेशन पर गंदगी फैलाते पकड़े गए, जिन पर ₹500-₹500 का जुर्माना लगाया गया।

अभियान के दौरान नीलांचल एक्सप्रेस, सप्तक्रांति एक्सप्रेस, नंदन कान्हा एक्सप्रेस और जनसाधारण एक्सप्रेस सहित 50 से अधिक ट्रेनों में यात्रियों की गहन जांच की गई। सेंट्रल स्टेशन पर गेटों की नाकेबंदी करके प्रवेश करने वाले हर यात्री की टिकट चेक की गई। इसी क्रम में भीमसेन से झांसी तक भी टिकट चेकिंग अभियान चला। इसमें कई दैनिक यात्री ऐसे मिले जिनकी MST (मासिक सीजन टिकट) काफी पहले समाप्त हो चुकी थी। कुल 60 प्रकरण दर्ज कर ₹20,915 राजस्व वसूला गया।

यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा के निर्देशन में, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के नेतृत्व और मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक मनोहर लाल मीणा की देखरेख में चलाया गया। इसमें टिकट चेकिंग स्टाफ विशाल सिंह, प्रवीण तिवारी, शालिनी धुरिया, भारती कुशवाहा, अमित कपूर, आलोक खरे और एन.एस. यादव शामिल रहे।

यह भी पढ़ें:- कानपुर : हीरा पन्ना गेस्ट हाउस के अतिक्रमण पर चला छावनी परिषद का बुलडोजर

संबंधित समाचार