सीतापुर : गहरे पानी में डूबे युवक और बालिका, एक का मिला शव, दूसरे की तलाश जारी
सीतापुर, अमृत विचार: एलिया ब्लॉक क्षेत्र के दो गांव में गहरे पानी में बालिका और युवक डूब गए। हादसे के बाद बालिका का शव निकाला जा सका, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। इमलिया सुल्तानपुर थानाक्षेत्र के भोगीपुर गांव की 12 वर्षीय रुचि पुत्री मनोहर घर से घास लेने निकली थी।
बताते हैं कि बालिका तालाब के किनारे से घास लेकर घर की ओर चल पड़ी, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वो तालाब के गहरे पानी में समा गई। चीख-पुकार सुनकर लोग इकट्ठा हुए। किसी तरह उसे निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो गई। उधर, इलाके का ही कबीरपुर गांव का 26 वर्षीय करुणाशंकर अपनी बहन की ससुराल भेलावां खुर्द गया हुआ था।
परिवारीजनों के मुताबिक, वो ग्रामीणों के साथ दधि यात्रा में शामिल होकर गोड़वा- भेलावां के पिरई नदी पुल पर आया, इसी दौरान लापता हो गया। लोगों ने खोजबीन की तो पुल पर उसकी चप्पल और कपड़े मिले। सूचना पाकर इमलिया सुल्तानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोतों को बुलाया गया। पिरई नदी में डूब जाने की संभावनाओं के चलते करुणाशंकर की तलाश की जा रही है।
