बाराबंकी: स्वच्छता, अतिक्रमण नियंत्रण व विकास कार्यों को दें प्राथमिकता, नगर विकास विभाग की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में नगर विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी नगर निकायों की कार्यप्रगति, स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण, राजस्व वसूली और विकास योजनाओं की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नगर स्वच्छता समेत सभी मापदंडों में जनपद की रैंकिंग बेहतर करने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएं।

अधिशासी अधिकारियों को स्वच्छता के प्रत्येक बिंदु पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने और फील्ड स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों, नालियों और फुटपाथों पर हो रहे अतिक्रमण पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अवैध कब्जों के विरुद्ध तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई कर जुर्माना वसूला जाए। साथ ही अवैध प्लाटिंग पर रोक लगाने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन कल्याण मंडपों की प्रगति में तेजी लाने, तालाबों के सौंदर्यीकरण और अतिक्रमण से संरक्षण, तथा नगर क्षेत्रों के पार्कों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। राजस्व वसूली पर विशेष बल देते हुए उन्होंने कहा कि सभी निकाय अपने राजस्व लक्ष्यों की पूर्ति समय पर करें, और बकाया वसूली में लापरवाही करने वालों की जवाबदेही तय की जाए।

बैठक में अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना और शहरी आजीविका मिशन सहित अन्य शहरी विकास योजनाओं की प्रगति भी परखी गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर विवेकशील, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, इंजीनियरिंग विभाग सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार