बाराबंकी: पिटाई से घायल दलित युवक की मौत, शव रखकर घंटों प्रदर्शन, पुलिस से हुई झड़प, कार्रवाई के दिलासे पर माने ग्रामीण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। अंडा खाकर समोसा लेने दुकान गए दलित युवक की लोहे की राड से पिटाई कर दी गई। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पीड़ित सीमा विवाद का शिकार हुआ। आखिर इलाज के दौरान सोमवार रात युवक ने दम तोड़ दिया। इससे आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने टिकैतनगर दरियाबाद मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरु कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान पुलिस से झड़प भी हुई। कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण माने और शव अंतिम संस्कार को ले गए।

जानकारी के अनुसार दरियाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम ननिहापुर का रहने वाला संदीप 14 अगस्त की शाम बकसूपुर चौराहा पर बाबूलाल के होटल पर समोसा खाने गया था। आरोप है कि बाबूलाल ने कहा कि अंडा खाकर उसकी दुकान पर क्यों आए। इतनी बात पर विवाद बढ़ा और बाबूलाल व नारायण ने मिलकर लोहे की रॉड से संदीप की पिटाई कर दी। घायल संदीप को परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया लेकिन परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए।

cats

उधर आरोप है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए उन्हें दरियाबाद व टिकैतनगर थाने के बीच दौड़ाया गया। 18 अगस्त को टिकैतनगर पुलिस ने घायल युवक की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ एससीएसटी एक्ट आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। इस बीच घायल संदीप की सोमवार रात मौत हो गई। संदीप की मौत व पुलिस के रवैये से परिजन व ग्रामीण आक्रोशित हो गए।

मंगलवार सुबह करीब पांच बजे दर्जनों लोग शव लेकर बकसूपुर चौराहे पर पहुंच गए और टिकैतनगर-दरियाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानें। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने शव कब्जे में लेने की कोशिश की, जिससे झड़प की नौबत आ गई।

cats

तीन घंटे तक चले जाम व हंगामे के बाद मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी समर सिंह ने परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण जाम समाप्त कर शव अंतिम संस्कार के लिए ले गए। चर्चा यह भी है कि प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने आरोपी बाबूलाल को दुकान खोलते देखा तो उनका गुस्सा भड़क उठा। भीड़ ने दुकान में तोड़फोड़ कर दी, जिससे हजारों रुपये का नुकसान हुआ।

संबंधित समाचार