लेट फीस के साथ 31 तक भरे जायेगे यूपी बोर्ड हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा फार्म, जान लें नई लास्ट डेट
लखनऊ, अमृत विचार: यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा फार्म भरने की तिथि बढ़ा दी है। अब 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ 31 अगस्त तक परीक्षा शुल्क जमा होगा। उसके बाद 5 सितंबर तक छात्रों का विवरण वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। अब तक 10वीं और 12वीं में 53,65,057 विद्यार्थियों ने आवेदन कर दिया है।
पहली जुलाई से विद्यालय खुलने के साथ ही यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए आवेदन शुरू हो गए थे। तब 5 अगस्त तक निर्धारित शुल्क में आवेदन लेने थे। इस तिथि तक जो आवेदन नहीं कर पाए थे। वह 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ 16 अगस्त तक परीक्षा शुल्क जमा किए। फिर 20 अगस्त तक उनके विवरण वेबसाइट पर अपलोड हुए। अब तक 10वीं के 27,33,728 और 12वीं के 26,31,329 विद्यार्थियों के आवेदन अपलोड हो चुके हैं। लेकिन कुछ विद्यार्थी अब तक आवेदन नहीं कर पाए हैं।
इसलिए शिक्षकों नेताओं ने तिथि बढ़ाने की मांग की थी। उनकी मांग को देखते हुए यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने आवेदन की तिथि बढ़ा दी है। उन्होंने बताया कि 31 अगस्त तक विलंब शुल्क के साथ परीक्षा शुल्क का चालान जमा करना होगा। उसके बाद 5 सितंबर तक इन विद्यार्थियों का विवरण वेबसाइट पर अपलोड करना होगा।
छह से 10 सितंबर तक वेबसाइट पर अपलोड किए गए छात्र-छात्राओं के विवरण की जांच की जाएगी। जांच के बाद 11 से 20 सितंबर तक ऑनलाइन अपलोड विवरण में संशोधन किया जाएगा। इस दाैरान कोई नया नाम नहीं जोड़ा जा जाएगा।
ये भी पढ़े : लखनऊ में चारबाग स्टेशन पर तौला जाएगा यात्रियों का सामान, अधिक लगेज होने पर लगेगा डेढ़ गुना जुर्माना
