काशी की तर्ज पर निखरेगा लोधेश्वर धाम, महादेवा मंदिर में बनेगा भव्य कॉरिडोर
बाराबंकी, अृमत विचार : जिले के रामनगर स्थित लोधेश्वर महादेवा मंदिर को अब काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर भव्य स्वरूप देने की तैयारी शुरू हो चुकी है। बुधवार को जिलाधिकारी शशांक कुमार त्रिपाठी ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर ध्वस्तीकरण और अन्य चल रहे कार्यों का जायजा लिया।
परियोजना से जुड़ी जानकारी देते हुए पर्यटन विभाग ने बताया कि प्रस्तावित महादेवा कॉरिडोर में 12 मीटर ऊंचा भव्य मंदिर शिखर बनाया जाएगा। मंदिर में चार आकर्षक प्रवेश द्वार होंगे, जबकि दो मंजिला भवन का भी निर्माण किया जाएगा। भवन में श्रद्धालुओं के लिए दुकानें, प्रशासनिक कार्यालय, मीटिंग हॉल, रेन बसेरा, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने रामनाथ कुटी के पास बने अमृत सरोवर तालाब का भी निरीक्षण किया। सरोवर के चारों ओर स्टील बैरिकेडिंग, स्नान घाट और सौंदर्यीकरण कार्य प्रस्तावित हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष निकासी मार्ग भी बनाया जाएगा। पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पूरी परियोजना दो वर्षों के भीतर पूर्ण कर ली जाएगी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में विकसित हो रहा यह कॉरिडोर रामनगर क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देगा।
इस दौरान निरीक्षण के साथ अधिकारियों की बैठक भी हुई, जिसमें कॉरिडोर की रूपरेखा और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। शिलान्यास की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुभ मुहूर्त देखकर कार्य का विधिवत शुभारंभ करेंगे।
यह भी पढ़ें:- गोंडा : कैंसर से जूझ रहे युवक ने फंदा लगाकर दी जान, 2 साल से चल रहा था इलाज
