दफ्तर से निकलकर रोजाना फील्ड में जाएं अधिकारी, उपभोक्ताओं से मिलें
ऊर्जा मंत्री की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक
लखनऊ, अमृत विचार। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने विभाग के अधिकारियों को चेताया है कि वे दफ्तरों तक सीमित न रहकर फील्ड में उतरकर अपनी सक्रियता दिखाएं। यह भी हिदायत दी कि अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति देखें और उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
एके शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को संगम सभागार में ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इस मौके पर ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट और कड़े निर्देश देते हुए कहा कि विद्युत उपभोक्ताओं की सुविधा एवं संतोष ही हमारी प्राथमिकता है। सरकार की मंशा है कि हर घर तक निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो, ऊर्जा मंत्री ने विशेष रूप से 1912 उपभोक्ता सेवा हेल्पलाइन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस नंबर पर आने वाली हर शिकायत को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि शिकायतों की अनदेखी या लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जायेगी और ऐसी स्थिति में जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर मुख्य सचिव नरेंद्र भूषण, चेयरमैन आशीष गोयल, पंकज कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा सभी एमडी व जनपद स्तरीय अधिकारी ऑनलाइन मौजूद रहे।
उपभोक्ताओं का भरोसा जीता जाए
ऊर्जा मंत्री ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर बार-बार खराब होते हैं, उन्हें चिन्हित कर तुरंत ट्रांसफार्मर उच्चीकृत किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली बाधित होने की परेशानी से राहत मिले। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता लाकर उपभोक्ताओं का भरोसा जीता जाए।
यह भी पढ़ेंः लोकसभा में हंगामा: अमित शाह ने पेश किया संविधान संशोधन विधेयक, विपक्ष ने गृह मंत्री पर फेंके कागज
