नोरा फतेही बनाने की चाहत! पति ने कराया घंटों व्यायाम, इनकार करने पर खाना मना दहेज की मांग, मुकदमा दर्ज
गाजियाबाद। गाजियाबाद जिले में एक अजीबोगरीब मामले में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही की तरह दिखने के लिए जबरन घंटों तक सख्त व्यायाम कराने और इससे इनकार करने पर खाना नहीं देने व दहेज उत्पीड़न के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।
ससुराल पक्ष पर जबरन गर्भपात कराने का आरोप
अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर जबरन गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसकी शादी छह महीने पहले हुई थी। उसके परिवार ने शादी पर 76 लाख रुपये से ज्यादा खर्च किये थे।
ससुराल से दहेज के लिए परेशान
इसके बावजूद उसका पति और ससुराल के अन्य लोग उसे दहेज के लिए परेशान करते थे।साथ ही महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति उसकी शारीरिक बनावट को लेकर लगातार ताने मारता था तथा वह उसे ‘‘मोटी और बदसूरत’’ भी कहता था। उसका पति एक सरकारी स्कूल में शारीरिक शिक्षा का अध्यापक है। शिकायत में कहा गया है कि उसका पति और ससुराल वाले उससे कथित तौर पर रोज़ाना तीन घंटे कसरत करने की मांग करते थे और अगर वह ऐसा नहीं करती तो उसे खाना नहीं देते थे।
पति पर मारपीट का भी आरोप
उसने अपने पति पर मारपीट का भी आरोप लगाया है। सहायक पुलिस आयुक्त सलोनी अग्रवाल ने पुष्टि की कि महिला थाने में शिकायत दर्ज की गई है। उन्होंने बृहस्पतिवार को ‘न्यूज़ एजेंसी’ को बताया, ‘‘शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि उसका पति और ससुराल वालों ने उसे तरह-तरह से परेशान किया। उसका पति उससे कहता था कि वह अपनी शारीरिक बनावट नोरा फतेही जैसी बनाये और वह उसके जैसी दिखे।
घंटों व्यायाम करने के लिए किया मजबूर
इसके लिए उसे घंटों व्यायाम करने के लिए मजबूर किया जाता था और अगर वह व्यायाम करने से इनकार करती थी तो उसे खाना नहीं दिया जाता था।’’ उन्होंने बताया कि महिला ने यह भी दावा किया है कि उसका पति अक्सर इंटरनेट पर महिलाओं के ‘आपत्तिजनक वीडियो’ देखता था। वह अक्सर उससे मारपीट भी करता था। बहरहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े : जहरीला पदार्थ खाकर CM योगी के जनता दरबार पंहुचा रिटायर फौजी, खुलासे से सुरक्षा अधिकारियों में हड़कंप
