UP : 414.12 करोड़ से होगा 17 अंत्येष्टि स्थलों का जीर्णोद्धार
बदायूं, अमृत विचार। जिले की 17 ग्राम पंचायतों में 414.12 करोड़ की लागत से अन्त्येष्टि स्थलों का निर्माण किया जाएगा। शासन से लक्ष्य मिलने के बाद पंचायती राज विभाग की ओर से जनप्रतिनिधियों से रायशुमारी के बाद ग्राम पंचायतों का चयन किया जाएगा। इसके बाद उनके निर्माण के लिए धनराशि भी जारी कर दी जाएगी।
प्रदेश सरकार द्वारा अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण करने के लिए अंत्येष्टि स्थल विकास योजना संचालित है। योजना के तहत अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण किया जाता है। इनमें शवदाह गृह, शांति स्थल का निर्माण करने के साथ ही लोगों के बैठने के लिए टीन शेड की व्यवस्था की जाती है। इसके अलावा उसकी चारदीवारी की जाती है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में शासन की ओर से 17 ग्राम पंचायतों में अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण के लिए लक्ष्य पंचायती राज विभाग को दिया गया है।
पंचायती राज विभाग जनप्रतिनिधियों की रायशुमारी से ग्राम पंचायतों का चयन करने में लगा है। ग्राम पंचायतों का चयन होने के बाद अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। जिले की 17 ग्राम पंचायतों में अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण किया जाना है। जिला स्तर से ही जनप्रतिनिधियों की संस्तुति पर ग्राम पंचायतों का चयन किया जाना है। ग्राम पंचायतों का चयन होने के बाद पंचायती राज विभाग 24.36 लाख रुपये की धनराशि प्रति ग्राम पंचायत की दर से खातों में आवंटित कर देगा। इसके बाद ग्राम पंचायत द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करते हुए निर्माण कार्य शुरू करेंगी।
बैठने और शुद्ध पानी की होगी व्यवस्था
अंत्येष्टि स्थलों पर शवदाह गृह बनाने के साथ ही शव के साथ आने वाले लोगों को बैठने के लिए उचित व्यवस्था की जाएगी। लोगों के बैठने और साथ लाए ईंधन को रखने के लिए टीन शेड का निर्माण होगा। साथ ही पीने के पानी की भी व्यवस्था की जाएगी।
वर्जन
डीपीआरओ यावर अब्बास ने बताया कि 17 ग्राम पंचायतों का अंत्येष्टि स्थल के लिए चयन किया जा रहा है। चयन के बाद ग्राम पंचायतों के खाते में धनराशि भी भेज दी जाएगी। एक अंत्येष्टि स्थल के निर्माण में 24.36 लाख खर्च होने हैं। निर्माण कार्य ग्राम पंचायत स्तर से किया जाना है।
