बरेली : पोल और तार शिफ्टिंग के लिए 80 करोड़ देगा पीडब्ल्यूडी
पीलीभीत बाईपास सिक्सलेन : सैटेलाइट से बैरियर टू चौकी तक 7.40 किमी लंबी सड़क को किया जाना है सिक्स लेन
बरेली, अमृत विचार: पीलीभीत बाईपास को सैटेलाइट से बैरियर-टू तक सिक्स लेन करने में बिजली के पोल, तार और ट्रांसफार्मर बाधा बनेंगे। इनकी शिफ्टिंग के लिए लोक निर्माण विभाग बिजली विभाग को 80 करोड़ रुपये देगा। शासन को भेजी गई 216 करोड़ रुपये की कार्ययोजना में यह रकम प्रस्तावित की गई है। अधिकारियों का कहना है कि सिक्सलेन की मंजूरी मुख्यमंत्री दे चुके हैं। अब सिर्फ शासनादेश की औपचारिकता बची है। हरी झंडी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी करते हुए कार्य शुरू करा दिया जाएगा। मार्ग के सिक्सलेन होने पर उत्तराखंड के सितारगंज तक वाहन रफ्तार भर सकेंगे।
बता दें, साल 2022 से सैटेलाइट से बड़ा बाईपास तक 11.30 किलोमीटर हिस्से को सिक्सलेन करने का प्रस्ताव अटका था। इसमें बैरियर-टू से बड़ा बाईपास तक 3.90 किलोमीटर हिस्से को बीडीए और शेष 7.40 किलोमीटर हिस्से (सैटेलाइट से बैरियर-टू तक) को पीडब्ल्यूडी सिक्सलेन बनाएगा। बड़ा बाईपास से पीलीभीत होते हुए सितारगंज तक 71 किलोमीटर हिस्से को एनएचएआई पहले से ही फोरलेन करा रहा है। इसका काम भी दो फेज में तेजी से चल रहा है। पीडब्ल्यूडी के अफसर बताते हैं कि अपने हिस्से की 7.40 किमी सड़क के लिए 216 करोड़ रुपये का रिवाइज एस्टीमेट शासन को पिछले महीने भेजा गया था। इससे पहले भी दो बार एस्टीमेट भेजे थे, जिसे मंजूरी नहीं मिली थी। बीते दिनों बरेली दौरान पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिक्सलेन के प्रस्ताव पर मुहर लगाई थी। इसके बाद अब बजट भी जल्द मिलने की संभावना है।
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता भगत सिंह का कहना है कि जो कार्ययोजना फाइनल की गई है, उसमें सैटेलाइट से बैरियर-टू तक विभाग के इंजीनियरों के साथ सर्वे के दौरान बिजली के पोल से लेकर हाईटेंशन लाइनें समेत कई जगह रोड किनारे ट्रांसफार्मर रखे मिले। इसकी शिफ्टिंग को लेकर 80 करोड़ रुपये का आगणन बनाया गया। सड़क चौड़ीकरण की स्वीकृति जारी होने पर बिजली विभाग को यह रकम दी जाएगी ताकि सिक्स लेन का काम शुरू होने के बाद किसी तरह की अड़चन पैदा न हो पाए।
सफर के साथ कारोबार में आएगी और तेजी
अधिकारी बताते हैं कि सिक्स लेन होने से बरेली-पीलीभीत मार्ग पर शहरीकरण को विस्तार मिलेगा। बरेली विकास प्राधिकरण पीलीभीत मार्ग के नौ गांवों में नई टाउनशिप विकसित करेगा। एयर फोर्स स्टेशन और एयरपोर्ट तक आना-जाना आसान हो जाएगा। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) और उत्तराखंड के टनकपुर स्थित पूर्णागिरि मंदिर तक की धार्मिक यात्रा भी आसानी से कर सकेंगे। यूपी उत्तराखंड के बीच कारोबार को रफ्तार मिलेगी।
बीडीए को वन विभाग की एनओसी का इंतजार
बैरियर-टू से बड़ा बाइपास तक 3.90 किलोमीटर हिस्से को 61.27 करोड़ से बीडीए सिक्सेलन करेगा। इसके लिए वन विभाग से एनओसी की मांग की गई है। लेकिन, दो महीने बीतने के बाद भी अभी वन विभाग से अनुमति नहीं मिली है। बीडीए के मुताबिक जैसे ही वन विभाग अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करेगा बीडीए की ओर से काम शुरू करा दिया जाएगा।
सिक्सलेन के लिए अब तक क्या-क्या हुआ
2022 से लोक निर्माण विभाग में चल रहा था प्रस्ताव
2025 में मिली सीएम की मंजूरी, 216 करोड़ रुपये का एस्टीमेट
2025-26 की कार्ययोजना में लोक निर्माण विभाग ने किया शामिल
