बरेली : विवादित नारेबाजी करने में 20 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

उर्स-ए-रजवी से लौटते समय युवकों के एक सूमह ने की थी नारेबाजी

बरेली, अमृत विचार: उर्स - ए- रजवी के कुल के बाद वापस लौटते समय जायरीन के एक समूह ने कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल लाइंस क्षेत्र में विवादित नारेबाजी कर दी। इससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कुतुबखाना चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह ने 20 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

कुतुबखाना चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार आला हजरत के उर्स-ए-रजवी के दौरान शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की गई। वह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए भ्रमण कर रहे थे। उस समय उर्स से भारी संख्या में जायरीन निकले थे। वह जैसे ही शाम साढ़े सात बजे पुराने रोडवेज से नावेल्टी चौराहे पर पहुंचे एक समूह में शामिल 15 से 20 अज्ञात लोग गुस्ताखे नवी की एक सजा सिर तन से जुदा, सिर तन से जुदा का नारा लगाते हुए जा रहे थे। इससे खास समुदाय के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

हालांकि मौके पर पहुंचे समाज के संभ्रांत लोगों ने बीच-बचाव कर सभी को समझा बुझा कर शांत कराया। इस मामले में कुतुबखाना चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने 20 अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोप है कि इन युवकों ने जान-बूझकर धार्मिक उन्माद फैलाने और दोनों समुदायों के बीच कटुता पैदा करने की कोशिश की। कोतवाली प्रभारी अमित कुमार पांडे ने बताया कि 20 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोट दर्ज कर ली गई है। वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

संबंधित समाचार