मुरादाबाद : शिक्षक दंपति ने प्लाट बेचने के नाम पर युवक से हड़पे दो लाख

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

रकम मांगने पर झूठे केस में फंसाने की दी धमकी

मुरादाबाद, अमृत विचार: जनपद बिजनौर के आवास विकास कालोनी में प्लाट बेचने का झांसा देकर शिक्षक दंपति ने मझोला निवासी युवक से 1 लाख 99 हजार 985 रुपये लेकर हड़प लिए। रकम वापस मांगने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी के आदेश से मझोला थाना पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

थाना मझोला क्षेत्र के लाइनपार रामेश्वर कालोनी निवासी भाष्कर चौहान ने बीते दिनों एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया था कि जनपद बिजनौर के नूरपुर थाना के मुजाहिदपुर निवासी बेसिक शिक्षा विभाग के सहायक अध्यापक भुवनेश से उनकी जान पहचान हो गई थी। पीड़ित के अनुसार भुवनेश और उसकी पत्नी ने एक दिन कहा कि आवास विकास कालोनी बिजनौर में उनका 70 मीटर का एक प्लाट है, जिसे वह किसी परिचित को बेचना चाहते हैं। पीड़ित के अनुसार उसने अपने पिता सुरेश चौहान से बात की तो भुवनेश व उसकी पत्नी के शिक्षक होने के चलते उन्होंने विश्वास कर लिया। इसके बाद 3 जुलाई 2023 को 1 लाख 49 हजार 985 रुपये भुवनेश के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके अलावा 50 हजार रुपये और भी दे दिए।

आरोप लगाया कि रुपये लेने के बाद न तो भुवनेश ने प्लाट दिया और न ही पैसे वापस किए। बाद में जानकारी करने पर पता चला कि भुवनेश व उसकी पत्नी के नाम कोई प्लाट आवास विकास बिजनौर में है ही नहीं। आरोप लगाया कि धोखाधड़ी करके भुवनेश और उसकी पत्नी ने दो लाख रुपये लेकर हड़प लिए। अब रकम वापस मांगने पर एससीएसटी एक्ट के झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहा है। मामले में एसएसपी ने मझोला पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए थे। थाना मझोला प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी शिक्षक भुवनेश और उसकी पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी कर रकम हड़पने और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार