गाेंडा : खेत में मिली युवती की लाश , दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या की आशंका
गोंडा, अमृत विचार : कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के पास धान के खेत से 18 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ। युवती दोपहर में घर से घास काटने निकली थी, लेकिन शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद उसका शव खेत में पड़ा मिला।
सूचना पाकर गांव में भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। शव की हालत देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि युवती की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या की गई है। शव के पास संघर्ष के निशान भी दिखाई दिए हैं, जिससे आशंका और गहरी हो गई है।मामले की जानकारी होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतका की मां और बहन बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। ग्रामीणों में भी गुस्सा और दहशत का माहौल है। लोग चर्चा कर रहे हैं कि युवती के साथ खेत में क्या हुआ और किसने इस घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना पाते ही पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और मामले को गंभीरता से लेते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलवाया।
टीमों ने खेत से सबूत इकट्ठा किए। एसपी ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। उन्होंने बताया कि घटना का जल्द खुलासा करने के लिए पांच अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। एसपी ने सख्त लहजे में कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। गांव में शुक्रवार देर शाम तक दहशत और गम का माहौल बना रहा। लोग इस बात से हैरान हैं कि दिनदहाड़े ऐसी वारदात कैसे हो गई। उधर पुलिस गांव में लगातार डेरा डाले हुए है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें:- बाराबंकी में दोस्त की आत्महत्या से टूटे युवक ने भी फंदा लगाकर दी जान, मां अस्पताल में भर्ती
