लखीमपुर खीरी : दो सगे भाइयों के घर में लगी आग से दो पशु जिंदा जले, महिला झुलसी
घर के पीछे से लगी आग, लाखों का नुकसान, गांव में मची रही अफरा-तफरी
सिंगाही, अमृत विचार: थाना क्षेत्र के गांव लालापुरवा में शुक्रवार की शाम दो सगे भाइयों तेज कुमार वर्मा और टेग बहादुर वर्मा के घर अचानक अज्ञात कारणों के चलते भीषण आग लग गई। इससे गांव में अफरातफरी और चीख पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस के साथ पहुंची फायर बिग्रेड ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में दो पशु जिंदा जलकर मर गए। एक महिला भी झुलस गई। वहीं दोनों घरों में रखा सारा सामान, अनाज आदि जलकर राख हो गया।
हादसा शाम करीब सात बजे के करीब हुआ। मकान मालिक तेज कुमार वर्मा के मुताबिक आग घर के पीछे से लगी। वह लोग जब तक कुछ समझ पाते और घर से बाहर निकलते। इससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग की लपटों ने उसके भाई के घर को भी अपने आगोश में समेट लिया। इससे गांव में चीख पुकार और अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आसपास के घरों पर पड़े छप्परों को गिराकर आग रोकने की कोशिश की। इसी बीच हल्का दरोगा केसी तिवारी, हेड कांस्टेबल राजीव यादव. सिपाही कुलदीप भी फायर बिग्रेड के साथ मौके पर पहुंच गए।
फायर बिग्रेड ने ग्रामीणों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटों की चपेट में आकर लवकुश वर्मा की पत्नी रामलली झुलस गई, जिसे निजी अस्पताल में ले जाया गया है। एक भैंस व एक बछड़ा की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक बछिया झुलस गई। इस अग्निकांड में घर में रखा सारा सामान, अनाज, कपड़ा, तख्त चारपाई, जेवर, नगदी आदि जलकर राख हो गई।
