पीलीभीत : बंटवारे के विवाद में मां-बेटे पर हमला, चाकू से किए वार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में मां-बेटे पर जानलेवा हमला विपक्षियों ने कर दिया गया। बातचीत कर विवाद निपटाने की बात कहकर आरोपी घर ले गए और फिर चाकू से वार करके दोनों को लहूलुहान कर दिया। किसी तरह भागकर दोनों ने जान बचाई। थाना सुनगढ़ी में देर रात तक कार्रवाई के लिए जद्दोजहद चली। फिर बमुश्किल पुलिस ने कार्रवाई की सुध ली और आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की है। 

शहर के मोहल्ला नखासा की रहने वाली विमला देवी पत्नी संजय ने सुनगढ़ी थाने में दी तहरीर में बताया 20 अगस्त को उन्होंने एसपी को आपसी बंटवारे के संबंध में एक प्रार्थना पत्र दिया था। शुक्रवार शाम 5 बजे उसी संबंध में सुनगढ़ी थाने गई थी। वहां पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने ये कह दिया कि पहले दोनों पक्ष आपस में बैठकर बातचीत कर लें। इस पर पीड़िता बेटे राहुल के साथ सास के पास जा रही थी। वहीं पर परिवार के राजेश कुमार, सुभाष कुमार और रश्मि देवी और चचेरा देवर पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हुसैनापुर निवासी सुनील पुत्र घासीराम भी था। 

ये लोग बातचीत करने के बहाने घर ले गए। आरोप है कमरे में बंद करके हमला कर दिया। विमला देवी और उनके पुत्र राहुल पर चाकू से वार किए। जिसमें दोनों को काफी चोट आई। सभी ने मारपीट भी की। किसी तरह कमरे से निकलकर भागकर अपनी जान बचाई। इसकी सूचना थाने पहुंचकर पुलिस को दी। बताते हैं कि पीड़िता के कई रिश्तेदार भी पहुंच गए। आरोप है थाना पुलिस कार्रवाई करने से बच रही थी। जिसे लेकर नाराजगी भी जताई। 

फिर एक जनप्रतिनिधि के प्रतिनिधि की मदद ली गई। तब जाकर देर रात एफआईआर दर्ज हो सकी। फिलहाल सुनगढ़ी पुलिस ने मामले में चार आरोपी राजेश कुमार, सुभाष कुमार, रश्मि और सुनील के खिलाफ जानलेवा हमला करने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी पवन कुमार पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराकर कार्रवाई की जा रही है।

संबंधित समाचार