बाराबंकी: तमंचा लगाकर भाई-बहन से लूटा जेवर व मोबाइल, गिरफ्तारी के लिए एएसपी ने गठित की टीमें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हैदरगढ़/बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर विवाहिता से गहने व उसके भाई का मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। अचानक हुई घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक कोतवाली हैदरगढ़ के लदई का पुरवा मजरे फिरोजाबाद निवासी आशीष यादव अपनी बहन सविता यादव को साइकिल पर बैठाकर किसी काम से हैदरगढ़ आ रहा था।

इसी दौरान हैदरगढ़ ब्रांच नहर की डामरीकृत सड़क पर नहर कोठी के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने महिला की कनपटी पर तमंचा सटा दिया और गले का मंगलसूत्र, कान की झुमकी, पर्स तथा आशीष का मोबाइल छीन लिया। लूट के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घबराए भाई-बहन ने राहगीरों की मदद से तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पीआरवी और कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन शुरू की। मामले की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी दक्षिणी रितेश सिंह व सीओ समर सिंह मौके पर पहुंचे और पूछताछ की। पीड़िता के बयान दर्ज कर बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। हालांकि देर शाम तक बदमाशों को कोई सुराग नहीं लगा सका था।

संबंधित समाचार