UP : प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत...पत्नी पर चाकू से हमला फिर खुद फांसी लगाकर दी जान
इस्लामनगर, अमृत विचार। कस्बा इस्लामनगर के मुख्य चौराहे पर रविवार सुबह एक शादीशुदा युवती गर्दन कटी हालत में पड़ी मिली। करीब दो घंटे तक घायल युवती पुलिस बूथ के पास पड़ी रही। पुलिस ने उसे निजी अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। यहां से भी घायल को सैफई रेफर किया गया है। संभल पुलिस के अनुसार विवाद के बाद उसके पति ने ही गर्दन पर वार करके घायल किया था और फिर खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव छीतरपुर महरौली निवासी सपना और जिला संभल के बहजोई के गांव बिलगौरा निवासी करन ने तकरीबन एक साल पहले प्रेम विवाह किया था। जिसके बाद दोनों के परिजन मान गए थे। 23 अगस्त को करन पत्नी को ससुराल से ले गया था। रविवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे इस्लामनगर पुलिस को सूचना मिली कि पुलिस बूथ के पास एक युवती पड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को जिला अस्पताल भेजा। यहां से घायल को बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेज और वहां से सैफई के राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं इस्लामनगर पुलिस ने संभल पुलिस से जानकारी की। संभल पुलिस की लोगों से पूछताछ की थी।
पता चला कि शनिवार रात सपना और करन का विवाद हुआ था। झगड़ा के दौरान करन ने चाकू से सपना के गले पर वार करके घायल कर दिया था। सपना तुरंत ई-रिक्शा से इस्लामनगर अपने मायके चली गई थी। जिसके बाद करन ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। करन के परिजनों ने सपना को करन की मौत का जिम्मेदार बताते हुए हत्या का आरोप लगाया। संभल की एएसपी अनुकृति शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची थी। पूछताछ में पता चला कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था। उनके बीच विवाद हुआ था। झगड़ा के दौरान करन ने सपना के गले पर चाकू से वार किया था। सपना ई-रिक्शा से मायके चली गई थी। मामले की जांच की जा रही है।
इस्लामनगर थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि एक युवती चौराहे पर पड़ी है। जो घायल है। मौके पर पहुंचे थे। पता चला कि उसके साथ संभल के बहजोई में घटना हुई थी। युवती का इलाज चल रहा है। थाना बहजोई पुलिस कार्रवाई करेगी।
