नोएडा निक्की हत्याकांड : पुलिस ने मृतका के जेठ और ससुर को किया गिरफ्तार, पति बोला- कोई पछतावा नहीं
नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दहेज के लिए 26 वर्षीय निक्की की कथित तौर पर हत्या के मामले में सोमवार को उसके जेठ और ससुर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने पहले जेठ को पकड़ा, इसके कुछ समय बाद ही ससुर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने एक बयान में कहा कि कासना पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर आरोपी जेठ रोहित (28) और ससुर सत्यवीर को सिरसा टोल चौराहे सेगिरफ्तार किया है। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे।
इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में आक्रोश है। प्राथमिकी में निक्की का पति विपिन, भाई रोहित, मां और पिता नामजद हैं। इनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। निक्की को उसके पति विपिन भाटी और ससुराल वालों ने बृहस्पतिवार रात ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव स्थित उसके घर में कथित तौर पर पीटा और फिर आग लगा दी। निक्की और उसकी बड़ी बहन कंचन दोनों की शादी एक ही परिवार में हुई थी।
पति बोला- कोई पछतावा नहीं
आरोपी विपिन ने डाढ़ा अस्पताल में कहा कि उसे पत्नी की मौत का कोई पछतावा नहीं है। उसने कहा, मैंने उसे नहीं मारा है। वह खुद मर गई। पति-पत्नी में अक्सर झगड़े होते रहते हैं, यह बहुत आम बात है। वहीं घटना के संबंध में कंचन द्वारा बनाए गए विचलित करने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुए। एक वीडियो क्लिप में दिखाई दे रहा है कि निक्की को बाल पकड़कर घसीटा जा रहा है जबकि एक अन्य वीडियो क्लिप में उसे आग की लपटों में सीढ़ियों से नीचे उतरते और फिर गिरते हुए दिखाया गया है।
विपिन भाटी को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था और बाद में रविवार को पुलिस हिरासत से भागने की कथित कोशिश के दौरान उसके पैर में गोली मार दी गई। उसकी मां दया (55) को भी उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि जब विपिन को सबूत इकट्ठा करने के लिए ले जाया जा रहा था तो उसने एक उप निरीक्षक की बंदूक छीन ली और अधिकारियों पर गोली चलायी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है। निक्की के परिवार ने आरोप लगाया कि 2016 में शादी के बाद से ही निक्की को प्रताड़ित किया जा रहा था और ससुराल वालों की दहेज की मांग बढ़ती जा रही थी।
परिवार ने कहा कि उन्होंने पहले ही बेटी के ससुराल वालों को एक स्कॉर्पियो एसयूवी, एक मोटरसाइकिल और सोने के आभूषण दिए थे, लेकिन बाद में वे 36 लाख रुपये नकद और एक लग्जरी कार देने की भी मांग करने लगे। निक्की की बड़ी बहन कंचन की शादी विपिन के बड़े भाई रोहित से हुई है और वह इस घटना की गवाह है। उसने संवाददाताओं को बताया कि निक्की को उसके बेटे के सामने पीटा गया।
उसने पुलिस को यह भी बताया कि निक्की पर कथित तौर पर ज्वलनशील तरल पदार्थ डालकर आग लगा दी गई थी। पुलिस के अनुसार, दिल्ली के एक अस्पताल ले जाते समय निक्की की मौत हो गई। मृतका के पिता भिखारी सिंह ने बताया कि उनकी दो बेटियों कंचन (29) और निक्की (26) की शादी 2016 में क्रमश: रोहित भाटी और विपिन भाटी से हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘तब से वे दोनों बेटियों को प्रताड़ित कर रहे थे और दहेज की मांग कर रहे थे।’’
