Good News: वाराणसी में 2017 से अब तक 97000 से अधिक युवाओं को मिली नौकरी
वाराणसी। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत 26 से 28 अगस्त तक लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में तीन दिवसीय 'रोजगार महाकुंभ-2025' का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य 50 हजार से अधिक युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर प्रदान करना है। इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं।
सहायक निदेशक (सेवायोजन), वाराणसी मंडल, मुकेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक रोजगार मेलों के माध्यम से 97 हजार से अधिक युवाओं को देश और विदेश में नौकरी के प्रस्ताव मिले हैं। 'रोजगार महाकुंभ-2025' में सरकार का लक्ष्य 50 हजार युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप नौकरी प्रदान करना है।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, वाराणसी के रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि 'रोजगार महाकुंभ-2025' के जरिए युवाओं को संयुक्त अरब अमीरात, जापान, जर्मनी और सऊदी अरब जैसे देशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही, भारत की प्रतिष्ठित और बहुराष्ट्रीय कंपनियों में योग्यता के आधार पर नौकरी पाने का मौका भी इस महाकुंभ में मिलेगा।
इस बार रोजगार महाकुंभ में एआई प्रशिक्षण मंडप विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। यहां उद्योग विशेषज्ञों के सहयोग से युवाओं को डिजिटल कौशल और एआई आधारित नौकरियों की तैयारी के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
