अमरोहा : सिपाही ने पत्नी को जिंदा जलाया, दिल्ली में भर्ती
प्लॉट को लेकर था विवाद, सिपाही समेत छह पर रिपोर्ट
अमरोहा, अमृत विचार: डिडौली कोतवाली क्षेत्र में सिपाही ने अपनी पत्नी को जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की। मायके वालों ने गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है। हालत बिगड़ने के बाद उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में पति, सास सहित 6 लोगाें पर रिपोर्ट दर्ज की है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के भानपुर खालसा निवासी वचन सिंह ने अपनी बेटी पारुल सिंह की शादी करीब 13 साल पहले गांव नारंगपुर निवासी देवेंद्र से की थी। देवेंद्र यूपी पुलिस में हेड कांस्टेबल है। पारुल भी ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र इकौदा में जीएनएम है। देवेंद्र पहले रामपुर में तैनात था, कुछ ही दिन पहले बरेली में उसका ट्रांसफर हुआ है। दोनों को जुड़वां बेटा-बेटी हैं। पारुल के भाई कपिल सिंह का आरोप है उसकी बहन के नाम पर एक प्लॉट है। इस प्लॉट को लेकर ससुराल के लोग उससे झगड़ते रहते थे। सिपाही घरवालों के साथ मिलकर बेटी को मारता-पीटता था।
मंगलवार सुबह देवेंद्र और ससुराल के अन्य लोग प्लॉट को लेकर झगड़ने लगे। इसके बाद पेट्रोल डालकर आग लगा दी। मायके वालों ने गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। डिडौली कोतवाली प्रभारी हरीशवर्धन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सिपाही देवेंद्र के अलावा सोनू, गजेश, अनीता, जितेंद्र, संतोष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपी फरार हैं। जल्द ही उनको गिरफ्तार किया जाएगा। सीओ अवधभान सिंह भदौरिया ने बताया कि शिकायत के आधार पर पति, सास सहित 6 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
