मुरादाबाद: अब ई-मेल आईडी पर मिलेगा एथलीटों को प्रमाण पत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। अब एथलीटों को प्रमाण पत्र पाने के लिए दरबदर भटककर अधिकारियों की मिन्नतें नहीं करनी पड़ेगी। क्योंकि किसी भी एथलीट के लिए प्रमाणपत्र की उतनी ही अहमियत होती है, जितनी पदक की। इसी के आधार पर सरकारी नौकरी में खेल आरक्षण का लाभ मिलता है। प्रमाणपत्र के लिए अभी तक तमाम एथलीट अपने …

मुरादाबाद,अमृत विचार। अब एथलीटों को प्रमाण पत्र पाने के लिए दरबदर भटककर अधिकारियों की मिन्नतें नहीं करनी पड़ेगी। क्योंकि किसी भी एथलीट के लिए प्रमाणपत्र की उतनी ही अहमियत होती है, जितनी पदक की। इसी के आधार पर सरकारी नौकरी में खेल आरक्षण का लाभ मिलता है। प्रमाणपत्र के लिए अभी तक तमाम एथलीट अपने अधिकारियों के मान- मनौव्वल व उगाही के शिकार होते रहे हैं, मगर अब उनके साथ ऐसा नहीं होगा।

प्रतियोगिता में भाग लेने के बाद एथलीट को घर बैठे ही प्रमाणपत्र उनकी ई-मेल आइडी पर आ जाएगा। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआइ) ने जिला या प्रदेश ही नहीं, देशभर के एथलीटस को घर बैठे प्रमाणपत्र भेजने की व्यवस्था की है। सत्र 2021 से मेल पर ही प्रमाणपत्र मिलेंगे।

टीम मैनेजर को खोजने की समस्या होगी खत्म
यूपी एथलेटिक्स टीम में अलग-अलग जिलों व मंडल के खिलाड़ी शामिल होते हैं। प्रतियोगिता के बाद प्रमाणपत्र यूपी एसोसिएशन के पास आते हैं। वहां से टीम मैनेजर के पास पहुंचते हैं। अलग-अलग जिलों के खिलाफ या संघ पदाधिकारी एक-दूसरे से संपर्क करते रहते हैं और प्रमाणपत्र मिलने में महीनों लग जाते हैं। अब इससे निजात मिलेगी।

ई-मेल व मोबाइल नंबर जरूरी
नई व्यवस्था लागू होने से एथलीट को अपनी ई-मेल आइडी व मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से पंजीकरण फार्म में भरना होगा। अगर ग्रामीण क्षेत्र के किसी एथलीट को दिक्कत आती है तो जिला संघ के पदाधिकारी एथलीट की ई-मेल आइडी तैयार कराने में मदद करेंगे। ई-मेल के जरिये आनलाइन पंजीकरण कराने की व्यवस्था पहले ही की जा चुकी है। पंजीकरण में भी किसी का हस्तक्षेप नहीं होगा।

बचेगी राशि, सुरक्षा भी
एक सामान्य प्रमाणपत्र बनाने में लगभग 70 से 80 रुपये का खर्च आता है। सैकड़ों एथलीट के प्रमाणपत्र बनाने में लगने वाली राशि बचेगी। इसे खेल व खिलाड़ी हित में इस्तेमाल किया जा सकेगा। प्रमाणपत्र भी एथलीट के पास हमेशा सुरक्षित रहेगा। प्रमाणपत्र को स्कैन कर फर्जीवाड़ा करने वालों पर भी नकेल लगेगी।

एथलीट को प्रमाणपत्र मिलने संबंधी जटिलताओं को खत्म करने के उद्देश्य से एएफआइ ने आनलाइन प्रमाणपत्र जारी करने का फैसला किया है। 2021 से हर एथलीट को आनलाइन प्रमाणपत्र मिलेंगे।-अनिमेष सक्सेना, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी

संबंधित समाचार